बिजनौर: झील पार्क में अधेड़ का शव उतराता मिला, सुबह घर से निकला था मंदबुद्धि
बिजनौर/नहटौर, अमृत विचार। यहां झील पार्क में एक अधेड़ व्यक्ति का शव उतराता हुआ मिला। मामले की सूचना चौकीदार ने पुलिस व परिजनों को दी। सूचना मिलते ही पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए। परिजन बिना पुलिस कार्रवाई के शव अपने साथ ले गए।
जानकारी के अनुसार नगर के मोहल्ला अफगानान निवासी शादाब उर्फ भूरे पुत्र अबरार अहमद सुबह घर से निकला था । वह काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा, तो परिजनों को चिंता हुई। परिजन उसकी तलाश करने लगे लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला। इसी बीच परिजनों को झील पार्क में किसी का शव मिलने की सूचना मिली।
परिजन तुरंत झील पार्क पर पहुंचे, तो वहां मौजूद पुलिस ने एक अधेड़ का शव झील से बाहर निकाल रखा था। परिजनों ने वहां पहुंचकर उसकी शिनाख्त शादाब उर्फ भूरे के रूप में की। मृतक के परिजनों ने बताया कि शादाब दिमागी रूप से कमजोर था वह अक्सर बिना बताए घर से चला जाता था। कस्बा इंचार्ज धीरज नागर ने बताया कि मृतक मंदबुद्धि था। परिजन उसके शव को बिना किसी कार्रवाई के अपने घर ले गए हैं।
ये भी पढ़ें:- बिजनौर: पानी से भरी बाल्टी में डूबने से डेढ़ वर्षीय बच्चे की मौत, परिवार में मचा कोहराम
