संभल: ऑटो पलटने से वृद्ध की मौत, तीन घायल, गांव टांडा कोठी चौराहे पर हुआ हादसा
रामनगर से तंबाकू खरीदने जा रहे थे अमरोहा के गांव अदलपुर निवासी लोग
संभल/ओबरी, अमृत विचार। असमोली थाना क्षेत्र में लोधीपुर मार्ग पर एक्सल टूटने से बेकाबू होकर ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में वृद्ध की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जनपद अमरोहा में देहात थाना क्षेत्र के गांव अदलपुर निवासी अख्तर (60), अकबर (45), शौकीन (60) ने गांव के ही असलम (37) का ऑटो किराये पर बुक किया था। वे सभी ऑटो में सवार होकर गांव रामनगर से तंबाकू खरीदने जा रहे थे। शुक्रवार सुबह साढ़े छह बजे लोधीपुर मार्ग पर गांव टांडा कोठी के चौराहा पर ऑटो के अगले पहिये का एक्सल टूट गया।
इससे बेकाबू होकर ऑटो सड़क पर पलट गया। हादसे में शौकीन की मौत हो गई। ऑटो चालक असलम, अकबर और अख्तर घायल हो गए। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने घायलों को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ऑटो को कब्जे में ले लिया है।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: DJ को लेकर घरातियों और बारातियों के बीच विवाद, जमकर चले लाठी डंडे...दो घायल
