Lucknow News : स्वास्थ्य कर्मियों के कार्य बहिष्कार से अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की मुश्किल - देखें Video

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी समेत पूरे उत्तर प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में आज यानी शनिवार को डॉक्टर और स्वास्थ्य कर्मियों ने स्थानांतरण नीति के खिलाफ 2 घंटे का कार्य बहिष्कार किया। हालांकि इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं पूर्व की भांति संचालित रही, लेकिन ओपीडी में इलाज कराने पहुंचे मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सुबह 8:00 बजे से अस्पतालों में शुरू होने वाली ओपीडी सुबह 10:00 बजे शुरू हो सकी। इस दौरान पर्चा काउंटर से लेकर दवा काउंटरों पर मरीजों की भारी भीड़ लगी रही।

राजधानी के बलरामपुर अस्पताल से लेकर डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी (सिविल) अस्पताल, महानगर स्थित भाउराव देवरस चिकित्सालय, लोक बंधु, रानी लक्ष्मीबाई चिकित्सालय में सुबह के समय स्वास्थ्य कर्मियों ने जमकर नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि मरीजों को कोई दिक्कत ना हो इसके लिए स्वास्थ्य कर्मी 2 घंटे अधिक कार्य करेंगे। यानी कि आज सरकारी अस्पताल 2 बजे के बजाए शाम 4 बजे तक खुला रहेगा। दरअसल, उत्तर प्रदेश चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के बैनर तले आज पाँचवे दिन दो घण्टे पूर्ण रूप से कार्य बहिष्कार हुआ।

चिकित्सा स्वास्थ्य महासंघ के प्रधान महासचिव अशोक कुमार ने बताया कि आंदोलन में प्रान्तीय चिकित्सा संघ, राजकीय नर्सेज संघ, राजपत्रित डिप्लोमा फार्मेसी एसोसिएशन, डिप्लोमा फार्मासिस्ट एसोसिएशन,लैब टेक्नीशियन एशोसिएशन, चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ उत्तर प्रदेश,सहायक प्रयोगशाला संघ,एक्स-रे टेक्नीशियन एशोसिएशन , डार्क रूम असिस्टेंट एशोसिएशन उत्तर प्रदेश, टीवी कन्ट्रोल इम्प्लॉइज एशोसिएशन,ईसीजी समेत तमाम संगठनों ने  हमारे इस आंदोलन को अपना समर्थन दिया है और साथ में  हिस्सा भी लिया है । उन्होंने बताया कि यदि हमारी मांगों को  जल्द पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन और बड़ा रूप रूप ले सकता है ।

उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश के चिकित्सालयों में दो घण्टे कार्य बहिष्कार किया गया, साथ ही अवगत कराया की सभी कर्मचारी दो घण्टे अधिक कार्य करेगें जिससे मरीजो को कोई दिक्कत न हो क्योंकि विरोध सरकार की स्थान्तारण नीति का किया जा रहा है, न कि जनहित का।

ये भी पढ़ें -सुल्तानपुर में शुरू हुआ Air Show, पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर सेना के फाइटर प्लेन दिखा रहे करतब

संबंधित समाचार