Banda: ट्रक ने रोड पर बैठी आधा दर्जन गौवंशों को रौंदा, विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति ने प्रशासन से ये की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में ट्रक ने रोड पर बैठी आधा दर्जन गौवंशों को रौंदा।

बांदा में ट्रक ने रोड पर बैठी आधा दर्जन गौवंशों को रौंदा। घटना की जानकारी के बाद मौके पर ग्राम प्रधान व ग्रामीण पहुंचे।

बांदा, अमृत विचार। योगी के शासन में गौवंशों को संरक्षित किये जाने के लिये करोड़ों रुपया खर्च कर गांव-गांव में खोली गई गौशालाएं बेमाने साबित हो रही हैं। गौवंशों के सड़कों पर अन्ना घूमने जहां एक ओर सड़क हादसों में तेजी से इजाफा हो रहा है, वहीं गौवंशों को भी अपनी जान से हाथ धोना पड़ रहा है।

देहात कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत के ग्राम लामा में अज्ञात ट्रक ने रविवार सुबह बारिश के कारण खेत गीले होने से सूखी रोड पर बैठी आधा दर्जन गौवंशों को रौंद दिया। जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। मौके पर पहुंचे विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति ने कहा है कि यदि प्रशासन ने बंद पड़ी गौशालाओं को पुन: संचालित करवा दिया होता तो यह घटना न होती। चेतावनी दी है कि यदि भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति हुई तो समिति धरना-प्रदर्शन करेगी। साथ ही मुख्यमंत्री से मिलकर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जायेगी।

शासन द्वारा करोड़ों रुपया खर्च कर जनपद के हर गांव में गौशालाएं खुलवाये जाने के बाद भी अधिकांश अन्ना गौवंश सड़कों पर ही घूम रहे हैं। शासन के तमाम प्रयासों के बावजूद न तो किसानों को अन्ना गौवंशों से मुक्ति मिली और न ही अन्ना गौवंशों को उनका ठिकाना नसीब हो पाया। अभी तक यह भी तय नहीं हो पाया कि यदि अन्ना गौवंश सड़कों पर घूम रही हो और हादसा होता है तो आखिर जिम्मेदार कौन होगा। गांवों में गौशालाओं से कहीं ज्यादा अन्ना गौवंश खेत और सड़कों पर घूम रहे हैं। शहरों में भी सड़कों पर अन्ना गौवंशों के भ्रमण से सड़क हादसों में तेजी से इजाफा हो रहा है।

वर्ष भर में जितनी सड़क दुर्घटनाएं होती हैं, उनमें 50 और 60 फीसद कारण अन्ना गौवंश होते हैं। बारिश के दिनों में अन्ना गौवंशों के कारण सड़क हादसों की संभावना और बढ़ जाती है। कारण यह है कि गौवंश कभी गीले में रहना पसंद नहीं करता। खेत जब गीले हो जाते हैं तो अन्ना गौवंश सूखे की तलाश में रोड पर आ जाते हैं और वहीं विश्राम करते हैं। रविवार सुबह भी देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम लामा में भी कुछ यही हुआ। शनिवार शाम बारिश होने के कारण गांव के अन्ना गौवंश रोड पर आकर बैठ गये।

रविवार सुबह तकरीबन 4 बजे तेज रफ्तार एक अज्ञात ट्रक ने सड़क पर बैठे आधा दर्जन गौवंशों को रौंद डाला। घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों का मौके पर तांता लग गया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति के जिला अध्यक्ष महेश कुमार प्रजापति ने इस घटना को लेकर शासन और प्रशासन से सवाल किया है कि इन गौवंशों की मौत का आखिर जिम्मेदार कौन है, क्योंकि शासन और प्रशासन अब तक यही तय नहीं कर पाया है कि ऐसी घटनाओं में ठीकरा किसके सिर फोड़ा जाये।

घटना की निंदा करते हुए जिलाध्यक्ष ने कहा है कि बारिश के वक्त हर साल गौवंश सड़कों पर ही बैठते आये हैं तो फिर आखिर प्रशासन ने पहले से उनकी प्राण रक्षा का कोई प्रबंध क्यों नहीं किया। यदि गांव-गांव में संचालित बंद पड़ी गौशालाओं को ही खुलवा दिया जाता तो इस घटना को रोका जा सकता था।

विश्व हिंदू महासंघ गौ रक्षा समिति ने मांग की है कि जिले में संचालित सभी गौशालाओं को पुनः संचालित किया जाये, ताकि किसी गौवंश को रोड पर न बैठना पड़े और ऐसी घटना की पुनरावृत्ति न हो। समिति ने चेतावनी दी है भविष्य में यदि ऐसी घटना घटी तो विशाल धरना-प्रदर्शन किया जायेगा साथ ही मुख्यमंत्री से यहां के जिम्मेदार अधिकारियों खिलाफ उचित कार्रवाई कराये जाने की मांग की जायेगी। इस मौके में उपस्थित पशु चिकित्सा अधिकारी जमालपुर, पुलिस प्रशासन, ग्राम प्रधान विनोद कुमार वर्मा, समिति के कार्यकर्ता पवन द्विवेदी, राम सिंह राणा आदि उपस्थित रहे।

संबंधित समाचार