लखनऊ: पत्नी से छेड़खानी का विरोध करना पति को पड़ा भारी, धारदार हथियार से युवक ने किया हमला
लखनऊ/अमृत विचार। कैसरबाग स्थित जिम खाना क्लब में सपरिवार डिनर करने गई महिला से पड़ोसी ने छेड़खानी कर दी। महिला के पति ने विरोध किया तो आरोपित पर उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इसके बाद आरोपित पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देकर वहां से भाग निकला। महिला की लिखित शिकायत पर महानगर पुलिस ने तीन लोगों पर गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की है।
महानगर प्रभारी निरीक्षक प्रशांत मिश्र ने बताया कि निशातगंज की रहने वाली महिला ने पड़ोसी जावेद अख्तर, पत्नी बब्बी और बेटे चिराग के खिलाफ लिखित शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। महिला ने बताया कि शनिवार रात वह सपरिवार कैसरबाग स्थित जिम खाना क्लब में रात्रि भोज के लिए गई थी। इसी बीच पड़ोसी जावेद अख्तर भी अपने परिवार एवं कुछ अन्य लोगों के साथ वहा पहले से मौजूद था।
महिला का आरोप है कि इसी दौरान उनका पति मोबाइल पर किसी से बातचीत करने लगा। मौके देखते ही जावेद उसके पास पहुंचा और गलत नीयत से उसे स्पर्श करने लगा। इस पर महिला जोर से चिल्लाई तो जावेद घबरा गया और अभद्रता करने लगा। महिला ने बताया कि उसके पति ने जावेद की हरकत का विरोध किया तो आरोपित ने अपने परिवारिक सदस्यों के संग मिलकर उसकी पिटाई कर दी। इसके बाद आरोपित ने महिला के पति पर धारदार हथियार से हमला कर लहूलुहान कर दिया।
महिला का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उसके पति की पर्स और गले में पड़ी सोने की चेन भी लूट ली। हालांकि, क्लब में मौजूद लोगों के हस्ताक्षेप करने पर आरोपित पीड़ित परिवार को जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले। इसके बाद पीड़िता ने महानगर थाने में लिखित शिकायत देते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मामले की गहनता से जांच पड़ताल कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें:-Shravan Sahu murder case: IPS मंजिल सैनी की बढ़ी मुश्किलें, विभागीय जांच शुरू, जानें वजह
