Banda News: बेटे-बहू और पत्नी की उपेक्षा से हुआ दोहरा हत्याकांड, हत्यारोपी गिरफ्तार, आलाकत्ल भी हुआ बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा में बेटे-बहू और पत्नी की उपेक्षा से हुआ दोहरा हत्याकांड।

बांदा में बेटे-बहू और पत्नी की उपेक्षा से हुआ दोहरा हत्याकांड। ग्राम बरसड़ा मानपुर गांव की हत्या का पुलिस ने खुलासा कर हत्यारोपी को गिरफ्तार किया।

बांदा, अमृत विचार। बेटे-बहू और पत्नी की उपेक्षा से परेशान होकर वृद्ध को कातिलाना कदम उठाना पड़ा। जब किसी ने उसकी भावनाओं को नहीं समझा तो उसने धारदार हथियार से वार करते हुए पहले अपने बेटे और फिर बहू को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस गिरफ्त में हत्यारोपी ने बताया कि कोई उसकी सुनने वाला नहीं था। जमीन, घर पर जैसे कब्जा कर लिया गया था। यहां तक कि धर्म पत्नी भी उसका साथ नहीं दे रही थी। इसी के चलते उसने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दे दिया। पुलिस ने हत्यारोपी की निशानदेही पर आला कत्ल कुल्हाड़ी बरामद कर ली है। 

नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा मानपुर गांव में अभ हाल ही में हुए दोहरे हत्याकांड का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया। गौरतलब हो कि नरैनी कोतवाली क्षेत्र के बरसड़ा मानपुर गांव निवासी मन्नूलाल पुत्र देशराज 13 जून की रात खलिहान में सो रहा था। पिता देशराज ने उसकी कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। बेटे की हत्या करने के बाद घर पहुंचे देशराज ने आंगन में सो रही बहू चुन्नी देवी की भी कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था।

मृतक मन्नूलाल के बेटे की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी देशराज के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। पुलिस देशराज को गिरफ्तार करने के लिए जगह-जगह दबिश दे रही थी। रविवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने पन्ना जिले के अजयगढ़ के जंगल से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर केन-कैनाल भड़ेहा के पास स्थित झाड़ियों में छिपे आला कत्ल कुल्हाड़ी को भी बरामद कर लिया।

पुलिस लाइन सभागार में मीडिया से रूबरू होते हुए अपर पुलिस अधीक्षक लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि देशराज के पास करीब 16 बीघा जमीन है। इस जमीन पर उसका बेटा मन्नूलाल व बहू कब्जा किए हुए थे। जबकि हत्यारोपी उस जमीन को बेचना चाहता था। इतना ही नहीं बेटे व बहू उसे खाना भी नहीं देते थे। उसे अलग रहकर खाना बनाना पड़ता था। उसकी पत्नी भी बहू और बेटे के साथ रहती थी। इसी आवेश में आकर उसने दोहरे हत्याकांड को अंजाम दिया।

संबंधित समाचार