रायबरेली: शादी का झांसा देकर Online Chatting में बनाया अश्लील Video, फिर दहेज के लिए कर दिया वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीड़िता की मां ने कोतवाली में दी तहरीर

रोहनिया/रायबरेली, अमृत विचार। क्षेत्र के एक गांव की लड़की से शादी का झांसा देकर युवक ने बातचीत शुरू की। उसके बाद मोबाइल पर ऑनलाइन चैटिंग करके उसका अश्लील वीडियो बना लिया। फिर शादी के लिए रुपए मांगने लगा। अपेक्षित राशि न मिलने पर उसने अश्लील वीडियो को इंटरनेट मीडिया में वायरल कर दिया है। 

पीड़िता की मां ने मामले की शिकायत कोतवाली में की है। विकासखंड के एक गांव की रहने वाली किशोरी की मां का आरोप है कि क्षेत्र के गांव रायपुर निवासी एक युवक ने उसकी बेटी को अपने प्रेम जाल में फंसाया। उसके बाद उसने चुपके से किशोरी को स्मार्टफोन दे दिया। फिर दोनों इस फोन पर बात करने लगे। युवक ने किशोरी से शादी का झांसा देकर उसका ऑनलाइन चैटिंग में अश्लील वीडियो बना लिया। 

वीडियो बनाने के बाद युवक किशोरी को ब्लैकमेल करने लगा। युवक पर जब शादी के लिए दबाव बनाया गया तो उसने शादी से पहले पांच लाख रुपए की मांग की ।उसकी मांग न पूरा होने पर उसने फर्जी नाम से बनाए गए एक फेसबुक अकाउंट में किशोरी का अश्लील वीडियो वायरल कर दिया। 

पीड़िता की मां का कहना है कि वीडियो वायरल होने के बाद उसकी बेटी का घर से निकलना मुश्किल हो गया है। वह बहुत परेशान है। जिसके कारण अवसाद में चली गई है। महिला ने कोतवाली में प्रार्थना पत्र देकर कार्यवाही की मांग की है। ऊंचाहार कोतवाल बालेंदु गौतम ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। घटना की जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें:-फिरोजाबाद: घर में संदिग्ध हालात में मिला पति-पत्नी का शव, जांच में जुटी पुलिस

संबंधित समाचार