बरेली: रुविवि से संबद्ध कॉलेज कल जारी करेंगे स्नातक की मेरिट लिस्ट
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध बरेली-मुरादाबाद मंडल के करीब 540 कॉलेजों में बुधवार को स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी होगी। 3 सितंबर से कॉलेज ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू करेंगे। मंगलवार को कॉलेजों में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो गई है। विवि …
बरेली, अमृत विचार। महात्मा ज्योतिबा फुले (एमजेपी) रुहेलखंड विश्वविद्यालय से संबद्ध बरेली-मुरादाबाद मंडल के करीब 540 कॉलेजों में बुधवार को स्नातक प्रथम वर्ष में प्रवेश के लिए पहली मेरिट सूची जारी होगी। 3 सितंबर से कॉलेज ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया शुरू करेंगे।
मंगलवार को कॉलेजों में प्रवेश आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त हो गई है। विवि प्रशासन ने छात्रों से आह्वान किया है कि वे अपनी मेरिट देखकर कॉलेज द्वारा निर्धारित समयसीमा के अंतराल में प्रवेश कराएं। आगामी 12 सितंबर तक सभी कॉलेजों को प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण करनी होगी।
बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, बदायूं, रामपुर, मुरादाबाद, बिजनौर, अमरोहा और संभल में रुविवि से संबद्ध 548 महाविद्यालय हैं। इसमें कुछ मेडिकल, डेंटल और आयुर्वेदिक कॉलेज भी हैं। इस तरह लगभग 540 कॉलेज ऐसे हैं, जहां बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, एलएलबी, बीलिब आदि पाठ्यक्रम संचालित हैं। इनमें प्रवेश के लिए करीब 1.44 लाख दावेदार हैं।
रुविवि प्रशासन ने सभी महाविद्यालयों के लिए 2 सितंबर तक मेरिट सूची जारी करने की समयसीमा निर्धारित कर रखी है। राजकीय और एडेड कॉलेजों में पांच-छह चरणों तक सूची घोषित होती रहती है, इसलिए इन कॉलेजों की पहली मेरिट में जगह पाने वाले छात्रों को तय समय के अंदर प्रवेश कराना होगा।
अवंतीबाई की वेबसाइट पर देखें मेरिट
वीरांगना रानी अवंतीबाई लोधी राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डा. संध्या सक्सेना ने बताया कि बुधवार शाम तक मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। चयनित छात्राओं के मोबाइल पर इसका संदेश भी जाएगा। दूसरा कॉलेज की वेबसाइट पर सूची उपलब्ध रहेगी। छात्राएं, इसे देखकर 3 सितंबर से प्रवेश कराएंगी। इसके लिए उन्हें कॉलेज की वेबसाइट से प्रवेश फॉर्म डाउनलोड करना होगा, जिसे भरकर कॉलेज में जमा करेंगी।
बरेली कॉलेज में कल 4 बजे तक आवेदन
बरेली कॉलेज प्रशासन ने बीए, बीएससी और बीकॉम में आवेदन के लिए दोबारा वेबसाइट खोलने का फैसला किया है। बुधवार को सुबह 6 बजे से सायं 4 बजे तक छात्रों के पास प्रवेश आवेदन का मौका रहेगा। कॉलेज के प्रवेश प्रभारी डा. राजीव मेहरोत्रा ने बताया कि आवेदन से वंचित छात्रों को यह अंतिम अवसर दिया गया है। बुधवार की शाम 5 बजे तक कॉलेज की वेबसाइट पर मेरिट सूची घोषित कर दी जाएगी और 3 सितंबर से प्रवेश प्रारंभ होंगे।
“रुविवि से संबद्ध महाविद्यालय बुधवार को स्नातक की मेरिट सूची जारी करेंगे और 3 सितंबर से प्रवेश प्रारंभ कराएंगे। कॉलेजों को आगामी 12 सितंबर तक प्रवेश प्रक्रिया पूरी करनी है। इसमें छात्रों को विशेष सक्रियता दिखानी है, क्योंकि उनके पास प्रवेश के लिए सीमित समय होगा।” -प्रोफेसर एसके पांडेय, प्रवेश प्रभारी, एमजेपी रुहेलखंड विश्वविद्यालय
