बरेली: टमाटर दिखा रहा तेवर, नींबू 'निचोड़' रहा जेब
शहर के सब्जी बाजारों में अलग-अलग भाव, पहले गर्मी और अब बारिश में आवक कम होने से सब्जियों की कीमतें बढ़ीं
बरेली, अमृत विचार। कुछ दिन पहले तक नींबू के दाम लोगों की जेब निचोड़ रहे थे। अब टमाटर की कीमतों ने लोगों को लाल कर दिया है। फुटकर में टमाटर के दाम 110 से 120 रुपये तक पहुंच गए हैं, जबकि एक सप्ताह पहले टमाटर 30 से 40 रुपये प्रति किलो मिल रहा था। शहर के अलग-अलग इलाकों में भी सब्जियों की कीमतें में अंतर देखने को मिल रहा है।
डेलीपीर मंडी में टमाटर की कीमत थोक में 80 से 90 रुपये किलो है, जबकि कुतुबखाना में यह 90 से 100 रुपये तक है। एलन क्लब मंडी में 100 से 110 रुपये तक है, जबकि शहामतगंज मंडी में 100 से 120 रुपये कीमत में बिक रहा है। यही नहीं नींबू भी 100 रुपये किलो बिक रहा है। अदरक के दामों में बेहताशा इजाफा हुआ है। दाम बढ़कर 300 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गए हैं। जानकारों की मानें तो सहालग और बारिश से खराब हुई फसलों के कारण आवक कम होने से सब्जियों के दाम बढ़े हैं। गर्मी के चलते भी सब्जियों की पैदावार में कमी आई है। सबसे अधिक दाम अदरक, नींबू और टमाटर के भाव बढ़े हैं। लहसुन 70 रुपये किलो बिक रहा है।
दाम बढ़ने पर लोग बोले-
इस महंगाई में दालों के दाम तो पहले से महंगे हैं। अब सब्जियों के दाम अधिक होने से भी महंगाई ने सारे रिकार्ड तोड़ दिए हैं। सब्जियों में टमाटर के अभाव में स्वाद नहीं आता। एक किलो की जगह पाव भर टमाटर लेकर काम चलाया जा रहा है।- गीता गुप्ता, बिहारीपुर कसगरान
महंगाई में आमदनी अठन्नी और खर्चा रुपैया की स्थिति बन गई है। चार दिन पहले गली और मोहल्लों में 50 रुपये प्रति किलो में मिलने वाला टमाटर 100 के पार है, जो आम आदमी के लिए खाना मुश्किल है।-किरन बाला अरोड़ा, बदायूं रोड
रसोईघर का सारा सामान महंगा हो गया है। जिसके चलते बजट गड़बड़ा रहा है। नींबू के बाद अब टमाटर को देखिए, 100 रुपये से ज्यादा प्रति किलोग्राम कीमत पर मिल रहा है। -कुश्मेश्वरी श्रीवास्तव-सुभाष नगर
हर रोज डेलापीर मंडी से थोक में सब्जी लेकर आते हैं। रोजाना टमाटर आदि सब्जियों के रेट बढ़े मिलते हैं। एक दो दिन में सहालग खत्म होने के साथ ही दूसरे राज्यों में लगातार हो रही बारिश के चलते दामों में इसी तरह बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। -अभिषेक, सब्जी विक्रेता
अभी ओर बढ़ेगी महंगाई
लौकी, तोरई, टमाटर समेत कई सब्जियों की पैदावार जिले में ठीक होती है, लेकिन अन्य राज्यों में पिछले कुछ दिनों से लगातार बारिश के कारण डेलापीर मंडी में सब्जियों की आपूर्ति को लेकर मौजूदा स्थिति गंभीर हो गई है। टमाटर के दाम एक सप्ताह में दोगुना हो गए हैं। अदरक और नींबू के दामों पर भी सबसे अधिक महंगाई का असर दिख रहा है। -शुजा उर रहमान, अध्यक्ष मंडी एसोसिएशन
सब्जियों के थोक में प्रति किलो भाव
सात दिन पहले अब के दाम
- अदरक- 150 से 160 275-300
- टमाटर- 30 से 40 90-100
- नींबू- 50 से 60 80-100
- शिमला मिर्च- 40-50 50-60
- लौकी- 15 से 20 25 से 30
- तुरई- 15 से 20 30 से 35
- भिंडी- 15 से 20 35 से 30
- धनिया- 20 से 25 40-50
- खीरा- 20 से 25 30-35
आज शाम से 30 जून तक बंद रहेगी मंडी
बुधवार शाम 5 बजे से शुक्रवार शाम 5 बजे तक डेलापीर मंडी बंद रहेगी। मंडी एसोसिएशन के अध्यक्ष शुजा उर रहमान ने बताया कि 29 जून यानी बुधवार को बकरीद है। इसके अगले दिन महीने का आखिरी दिन के चलते अवकाश निर्धारित है। लोगों से अपील की आज शाम तक खरीददारी कर लें ताकि आने वाले दो दिनों में दिक्कतों का सामना न करना पड़े।
ये भी पढे़ं- बरेली: दो दिन में 35 हजार से अधिक अभ्यर्थियों ने छोड़ी वीडीओ की परीक्षा
