Hamirpur Crime : चेकडैम की दीवार पार करते फिसला पैर, पानी में डूबने से दो युवकों की मौत, परिजन बदहवास
हमीरपुर में चेकडैम में डूबने से दो युवकों की मौत।
हमीरपुर के राठ में नाले में बने चेकडैम की दीवार पार करते दो युवकों का पैर फिसल गया। पानी में डूब कर दोनों युवकों की मौत हो गई।
हमीरपुर, अमृत विचार। नाले में बने चेकडैम की दीवार से होकर गुजर रहे दो युवक पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गए। आगे कुछ दूर जाकर नाले में मछली पकड़ रहे मछुवारों ने देखा तो दोनों को पानी से बाहर निकाल सीएचसी पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। दोनों युवक मंगलवार को हुई बारिश के बाद अपने खेतों में भरे पानी को निकालने जा रहे थे। पुलिस ने शवों का पोस्टमार्टम कराया है। गांव के दो युवकों की मौत पर परिजनों में कोहराम मचा है।
कोतवाली क्षेत्र के रौरो गांव निवासी धर्मराज उर्फ मुन्ना (30) पुत्र जयसिंह राजपूत और उसका साथी ज्ञान सिंह (29) पुत्र ख्याली श्रीवास गुरुवार सुबह करीब सात बजे खेतों में भरे पानी को निकालने घर से निकले। रास्ते में बने भरार नाले के चेकडैम के रपटा दीवार से गुजरने के दौरान अचानक दोनों युवकों का पैर फिसल गया। जिससे दोनों युवक पानी के बहाव में डूब कर बह गए।
इसी दौरान नाले पर बने रपटे के आगे कुछ युवक नाले में जाल डालकर मछली का शिकार कर रहे थे। तभी दोनों युवक जाल में फंस गए। नाले के किनारे बैठे मछुवारों ने जब देखा तो पानी में कूदकर दोनों युवकों को बाहर निकाला। परिजनों ने बताया कि मृतक ज्ञानसिंह व धर्मराज खेती कर अपने परिवार का गुजर बसर करते थे। धर्मराज के परिवार में 50 बीघा जमीन और ज्ञान सिंह के पास 12 बीघा जमीन है।
ग्रामीणों ने बताया कि नदी से जुड़े होने पर भरार नाला बरसात के दिनों में लबालब होकर ओवरफ्लो हो जाता है। मृतक धर्मराज अपने पीछे पत्नी कल्पना के अलावा 6 वर्षीय पुत्री राशि व 4 वर्षीय पुत्र हर्ष तथा मृतक ज्ञान सिंह अपने पीछे पत्नी दयावती के अलावा 6 वर्षीय पुत्री नेत्रा व तीन वर्षीय पुत्र आदर्श के अलावा अन्य परिजनों को रोता बिलखता हुआ छोड़ गया है। इंस्पेक्टर भरत कुमार ने बताया कि मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है।
