Jalaun News : फंदे से लटका मिला बाबा का शव, परिजनों ने चाचा व चचेरे भाइयों पर लगाया हत्या का आरोप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जालौन में बाबा का शव फंदे से लटका मिला।

जालौन में बाबा का शव फंदे से लटका मिला। इस पर परिजनों ने चाचा व चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप लगाया।

जालौन, अमृत विचार। कदौरा थाना क्षेत्र के बड़ागांव में मंदिर निर्माण को लेकर हुए विवाद के बाद बाबा का शव पेड़ पर लगे फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया। पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया तो परिजन आक्रोशित हो गए। परिजनों ने चाचा व चचेरे भाइयों पर ही हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। पुलिस के समझाने के बाद परिजन माने और तब जाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। परिजनों ने पुलिसिया कार्रवाई पर सवाल उठाए है। 

ग्राम बड़ागांव निवासी भूरा पुत्र रामप्रकाश 40 वर्ष का शव सोमवार को गांव से दो किमी दूसर एक पेड़ पर फांसी के फंदे से लटकता हुआ मिला। जब वहां से ग्रामीण गुजरे तो शव देखकर चौंक पड़े। इसकी सूचना परिजनों को दी गई तो घर में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ममता ने बताया कि मेरे पति ने अपने खेत पर एक बजरंगबली का मंदिर बनाने के लिए मूर्ति की स्थापना की थी।

मंदिर का विरोध परिवार के चाचा राम सजीवन एवं उनके पुत्र राजू व रामू कर रहे थे। मंदिर निर्माण शुरू होते ही चाचा एवं उसके चचेरे भाइयों ने स्थापित मूर्ति को उखाड़ कर दूसरी जगह फेंक दिया था और विरोध करने पर मेरे पति के साथ मारपीट की थी। मेरे पति ने थाने में शिकायत की थी। पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए समझौता कराने पर ध्यान दिया। एक दिन पहले ही रात में 10 बजे तक मेरे पति को थाने में बिठाए रहे और दूसरे पक्ष से जबरन समझौता करा दिया। सुबह मेरे पति का शव फांसी के फंदे पर लटका हुआ मिला है। वहीं दूसरी तरफ मौत की खबर पर पहुंची कदौरा पुलिस के सामने परिजनों ने आक्रोश व्यक्त किया। पुलिस ने जैसे तैसे परिजनों को समझाया और शव को कब्जे में लेकर थाने ले आए। यहां पर भी  परिजन आ गए और विरोध करने लगे वह कार्रवाई की मांग कर रहे थे। थानाध्यक्ष अजय कुमार का कहना है कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जो तहरीर मिलेगी जांच कर कर्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट हो जाएगा। 
इनसेट
बाबा नहीं पहनता था चप्पल, जूते, घसीटने के मिले निशान
उरई। बड़ा गांव निवासी भूर कुछ समय से बाबा हो गया था। परिजनों का कहना है कि जब से वह बाबा हुआ है तभी से चप्पल और जूता पहनना छोड़ दिया था। घटना स्थल पर एक जोड़ी चप्पल मिली है। इतना ही नहीं वहां पर घसीटने के निशान भी देखे गए है, जिससे हत्या की आशंका लगाई जा रही है। 
एसपी के आदेशों का भी नहीं हो रहा पालन
इनसेट
उरई। पुलिस अधीक्षक के आदेशों का उन्हीं के मातहत पालन नहीं कर रहे है। एट थाना क्षेत्र के एक गांव में किशोरी के साथ दुष्कर्म के बाद शिकायत करता और आरोपितों के बीच में पंचायत के बाद श्किायतकर्ता ने आत्म हत्या कर ली थी। इस घटना के बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने सभी थाना, कातवाली प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों को सख्त लहजे में पंचायत प्रथा से बाहर निकलने को कहा था। शिकायत दर्ज कर कार्रवाई करने की बात कही थी। पुलिस अधीक्षक ने यह सब वायरलैस सेट पर बोला था, जो सोशल मीडिया पर खूब वायरल किया गया। बड़ागांव में भी शिकायत के बाद शिकायतकर्ता और आरोपित पक्ष के बीच में समझौता कराया गया। इसके बाद सुबह शिकायतकर्ता का शव मिला। मृतक के पिता और उसकी पत्नी, परिजन कह रहे है कि पुलिस ने उचित कार्रवाई की होती तो यह घटना ही नहीं घटती।

बोले जिम्मेदार
बड़ागांव में आत्महत्या का एक प्रकरण संज्ञान में है। परिजन हत्या की आशंका जता रहे है तो पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सब स्पष्ट हो जाएगा। पुलिस ने थाने में पंचायत लगाई ऐसी कोई बात मेरे संज्ञान में नहीं है।- डॉ ईरज राजा, पुलिस अधीक्षक जनपद जालौन

संबंधित समाचार