बरेली: अब सभी मरीजों को मिलेगा दूध और अंडा, जिला अस्पताल में मिलेगी हाई प्रोटीन युक्त डाइट
अस्पताल प्रबंधन का अगले सप्ताह से वितरण की प्रक्रिया शुरू करने का दावा
बरेली, अमृत विचार : जिला अस्पताल में भर्ती होने वाले मरीजों की डाइट प्रोटीन युक्त बनाने पर जोर दिया जा रहा है। अब सभी मरीजों को दूध और अंडा दिया जाएगा। अस्पताल प्रबंधन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं। अस्पताल में भर्ती मरीज और उसके एक तीमारदार को भोजन मुहैया कराया जाता है। मरीज को सुबह नाश्ता मिलता है।
ये भी पढ़ें - Kanwar Yatra 2023 : कितने प्रकार की होती है कांवड़, जानिए इसका अर्थ?, पढ़ें... यात्रा के कठोर नियम
अभी तक सभी मरीजों को नाश्ते में दूध और अंडा नहीं मिलता था, मगर अब निजी अस्पतालों की तर्ज पर सभी को दूध, अंडा के साथ ब्रेड और मक्खन भी मिलेगा। अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि नई व्यवस्था के तहत वितरण की प्रक्रिया आगामी सप्ताह से शुरू हो जाएगी। फिलहाल, इसको लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
अधिकारियों के अनुसार टीबी समेत अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रसित मरीजों को हाई प्रोटीन डाइट की आवश्यकता होती है, जिसके चलते प्रबंधन ने इन मरीजों को दूध, अंडा समेत अन्य पोषण आहार वितरण में प्राथमिकता देने का प्रयास किया है।
वहीं, जिन बच्चों को डॉक्टर की ओर से परामर्श में प्रोटीन डाइट दिए जाने को कहा जाएगा,उन बच्चों को भी अंडा और दूध दिया जाएगा। हालांकि, दूध सुबह के नाश्ते में सभी मरीजों को देने की बात अफसर कह रहे हैं।
अब ट्राली से वार्ड तक पहुंचेगा खाना: वर्तमान व्यवस्था के अनुसार अभी तक जिला अस्पताल स्थित कैंटीन से बाल्टियों के माध्यम से हर वार्ड में मरीजों को भोजन पहुंचाया जाता है, लेकिन अब फूड ट्राली से भोजन पहुंचाया जाएगा। जल्द प्रबंधन ट्राली की खरीद करेगा। जिससे भोजन वितरण में साफ-सफाई के साथ कर्मचारियों को भी भोजन वितरण करने में सहूलियत होगी।
मरीजों को दिए जाने वाले भोजन की तालिका में कुछ बदलाव किए गए हैं। शासनादेश के अनुपालन में अब मरीजों को दूध, अंडा के साथ ब्रेड मक्खन भी दिया जाएगा। वहीं दूध सभी मरीजों को दिए जाने का प्रयास है।अगले सप्ताह से नई तालिका के आधार पर भोजन मरीजों को दिया जाएगा।- डॉ. अलका शर्मा, एडीएसआईसी, जिला अस्पताल
ये भी पढ़ें - बरेली से लापता किशोरी अंबेडकर नगर से बरामद, युवक गिरफ्तार
