रामनवमी: सुरक्षा के अभेद किले में तब्दील रामनगरी, अयोध्या में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर रोक

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

अयोध्या, अमृत विचार। रामनवमी के पावन पर्व पर अयोध्या सुरक्षा के अभेद किले में तब्दील हो गई है। भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाने के लिए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद कर दिया है। स्नान घाटों, प्रमुख मठ-मंदिरों और राम मंदिर परिसर सहित पूरे शहर को बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखा गया है। हाईवे पर भारी वाहनों का, अयोध्या धाम में बाहरी वाहनों का व रामपथ पर टेढ़ी बाजार से लता चौक तक दो पहिया वाहनों के प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया गया है।

रामनवमी पर्व को लेकर लाखों श्रद्धालु अयोध्या पहुंच चुके है, रातभर आने का क्रम भी जारी रहा। इसको देखते हुए सरयू नदी के स्नान घाटों पर सुरक्षा सख्त कर दी गई है। अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात हैं, जबकि जल पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और पीएसी की बाढ़ राहत दल भी अलर्ट मोड पर हैं।

घाट क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग की गई है। हनुमानगढ़ी, नागेश्वरनाथ, कनक भवन समेत अन्य प्रमुख मंदिरों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती कर दी गई है। रामपथ पर भी चप्पे-चप्पे पर अर्धसैनिक बल व पुलिस के जवानों के साथ यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती कर दी गई है।

भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन ने गुरुवार से ही अयोध्या धाम में बाहरी वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण रोक लगा दी है। रामपथ पर टेढ़ी बाजार से लता चौक होते हुए धर्मपथ पर साकेत पेट्रोल पंप बैरियर तक दो पहिया वाहनों के चलने पर भी प्रतिबंध लगा दिया गया है।

रामपथ से जुड़ने वाले गलियों के मार्ग पर लगे बैरिकेडिंग गिरा दिए गए हैं। मंडलायुक्त राजेश कुमार, डीआईजी सोमेन वर्मा, जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी ग्रामीण बलवंत चौधरी, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी, सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी समेत प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी देर रात तक मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं को परखते रहे।

श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोपरि है। सुरक्षा व यातायात को लेकर मेला क्षेत्र को जोन व सेक्टरों में बांटकर मजिस्ट्रेट व सुरक्षा अधिकारियों को तैनात कर दिया गया है। बाहर से आ रहे वाहनों को स्थायी व अस्थायी पार्किंग में रोका जा रहा है। यलो जोन में बने कंट्रोल रूम से मेला क्षेत्र में लगे सीसीटीवी के माध्यम से व ड्रोन से निगरानी की जा रही है।-डॉ. गौरव ग्रोवर, एसएसपी।

ये भी पढ़ें :  
रामनवमी पर फूलों से सजे मंदिर, गूंज रही बधाइयां; श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में सुबह 5 बजे से शुरू दर्शन

संबंधित समाचार