बरेली : प्रेम विवाह के 15 दिन बाद नर्स ने फंदा लगाकर दी जान! 5 दिन पहले पति ने खाया था विषाक्त पदर्थ
अमृत विचार/बरेली : इज्जतनगर क्षेत्र के एक अस्पताल की नर्स ने प्रेम विवाह के करीब 15 दिन बाद अपनी जान गंवा दी। गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यिानी रात नर्स का शव घर में फंदे पर लटका मिला। बहन की मौत से घर के एकमात्र सदस्य-भाई का रो-रोकर बुरा हाल है। बताते हैं कि पांच दिन पहले मृतका के पति ने भी विषाक्त पदार्थ खाकर जान देने का प्रयास किया था। बहरहाल, मृतक नर्स एक पत्र छोड़ गई है।
घटनाक्रम सीबीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव का है। क्षेत्र की एक युवती ने जीएनएम की पढ़ाई के बाद इज्जतनगर क्षेत्र के एक अस्पताल में जॉब शुरू की। वहीं, बदायूं का एक युवक जॉब करता था। दोनों की पहचान हो गई। पिछले दिनों उन्होंने कोर्ट मैरिज कर ली। शादी के बाद युवती अपने मायके आ गई। इस बीच उसके पति ने विषाक्त पदार्थ खा लिया और उसके पांच दिन बाद युवती ने अपनी जान गंवा दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। हालांकि युवती ऐसा कदम क्यों उठाया है-यह चर्चा का विषय बना है।
माता-पिता की हो चुकी मौत
मृतक युवती के भाई के मुताबिक, उनके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी है। मामा-मामी ने उनकी परवरिश की। हालांकि बाद में मामा-मामी का भी निधन हो गया। दोनों भाई-बहन की एक-दूसरे का सहारा थे। बहन ने पढ़ाई करके जॉब हासिल कर ली, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था।
दो दिन पहले ही घर पहुंचा था पति
मृतका के भाई के मुताबिक उसकी बहन का पति दो दिन पहले ही घर आया था। बहन उसके साथ जाना चाहती थी, लेकिन बाद में वह नहीं गई। इसके बाद बीती रात उसका शव फंदे पर लटका मिला। भाई ने कहा कि बहन ने ऐसा क्यों कि, इसका पता नहीं है।
घर में छोड़ गई नोट
मृतक युवती ने गुरुवार की रात फंदा लगाकर जान दे दी। इससे पहले उसने एक नोट लिखा, जिसमें लिखा कि, "वह मरने जा रही है। उसकी मौत का जिम्मेदार कोई नहीं होगा।" बहन की मौत के बाद भाई का रो-रो कर बुरा हाल है।
