Kanpur Dehat: सूरत में की थी आभूषण की चोरी, गुजरात पुलिस ने चार आरोपी पकड़े, 22 लाख रुपये बरामद, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सूरत में चोरी करने वाले चार आरोपी कानपुर देहात से गिरफ्तार।

गुजरात के सूरत में 30 जून को आरोपियों ने आभूषण की चोरी की थी। पुलिस ने कानपुर देहात से चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से 22 लाख रुपये बरामद हुए।

कानपुर देहात, अमृत विचार। गुजरात पुलिस व जिले की एसओजी, सर्विलांस टीम व मूसानगर थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए गुजरात के सूरत सिटी में सोने के आभूषण चोरी करने वाले चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 22 लाख रुपये, सोने के आभूषण, आभूषणों में प्रयोग होने वाले मोती, पत्थर, सुनहरे धागे आदि व गोल्ड कॉइन के क्षतिग्रस्त रैपर व मोबाइल बरामद किए गए हैं।

बुधवार को एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने प्रेसवार्ता करते हुए बताया कि गुजरात सूरत सिटी के थाना अल्थान के वानावाला निवासी 145 हिना बंगलो भरथाना गांव निवासी कार्तिक पुत्र भरत भाई के घर से बीती 30 जून की रात से सुबह के बीच मकान के ऊपरी मंजिल से अज्ञात चोर सोने के आभूषण चोरी कर ले गए थे। जिसके संबंध में थाना अल्थान, सूरत सिटी गुजरात चोरी समेत अन्य धाराओं में अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी।

विवेचना के दौरान अभियुक्त विमल उर्फ भोले सिंह मूल निवासी ग्राम शाहपुर थाना बरसठी जनपद जौनपुर, हाल पता गनपतनगर प्लाट नंबर पांच गेट नंबर एक थाना पाण्डेसरा, सूरत सिटी गुजरात, बंटी सिंह निवासी ग्राम शाहपुर, थाना बरसठी, जनपद जौनपुर, हाल पता हरसिद्धनगर मकान नंबर 104 कैलाश चौकड़ी पाण्डेसरा सूरत सिटी गुजरात, बीनू निषाद व सज्जन निवासी ग्राम नयापुरवा थाना मूसानगर कानपुर देहात, हाल पता नई मंडी कस्बा व थाना मूसानगर के नाम सामने आए।

जिस पर बुधवार को गुजरात की सूरत सिटी के थाना अल्थान से आए एसआई वीके पाटिल, हेड कांस्टेबल महेंद्र सिंह गोहिल व अमित वड़ोदरी, कानपुर देहात से एसओजी प्रभारी विनोद कुमार मिश्र, मूसानगर थाना प्रभारी अनिल कुमार ने फोर्स के साथ बुधवार को मूसानगर थाना क्षेत्र के भोगनीपुर मुगल रोड के किनारे नयापुरवा गांव स्थित हनुमान मंदिर के पास से चारो आरोपियों को धर दबोचा। एसपी ने बताया कि अभियुक्तों को चिकित्सा परीक्षण कराने के बाद सूरत पुलिस कानपुर देहात सीजेएम कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड स्वीकृत करने का प्रयास कर रही है।

गहनों की बिक्री से मिले 22 लाख रुपये आपस में बांटे

पुलिस की पूछताछ में आरोपी विमल सिह व बंटी सिंह ने सूरत सिटी में बीती 30 जून की रात वादी कार्तिक के मकान में सोने के गहनों की चोरी किया जाना स्वीकार किया गया। उन्होंने बताया कि दोस्त बीनू निषाद व सज्जन निषाद के माध्यम से चोरी में मिले सोने के कुछ गहनों को बेंचा था। जिससे 22 लाख रुपये मिले थे। जिसके बाद उन्होंने रुपयों का आपस में बंटवारा कर लिया था।

चारो आरोपियों के पास यह हुआ बरामद

एसपी ने बताया कि अभियुक्त विमल सिंह के कब्जे से दस लाख रुपये, सोने के कुछ जेवर, गोल्ड कॉइन के रैपर व दो मोबाइल बरामद किए गए। इसी तरह अभियुक्त बंटी सिंह के कब्जे से छह लाख रुपये, ज्वैलरी में प्रयोग होने वाला सजावटी सामान, गोल्ड कॉइन के कुछ रैपर व एक मोबाइल, अभियुक्त बीनू निषाद के कब्जे से साढे़ तीन लाख रुपये व एक मोबाइल व अभियुक्त सज्जन निषाद के कब्जे से ढाई लाख रुपये व एक मोबाइल फोन बरामद किया गया।

 

संबंधित समाचार