बरेली: आफत की बारिश में जलमग्न हुआ शहर, सड़कों से लेकर गली मोहल्लों में जल बना मुसीबत
बरेली, अमृत विचार। सुबह से शुरू हुई तेज बारिश आफत बनकर बरसी। जलभराव के कारण लोगों का सड़कों व गलियों से निकलना मुश्किल हो गया। शहर की कई कॉलोनियां में लोगों के घरों में पानी आ गया। जलभराव के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
गुरुवार को हुई बारिश ने जहां लोगों को गर्मी से राहत देने का काम किया तो वहीं दूसरे दिन तेज बारिश आफत बन गई। शहर के मलूकपुर, बिहारीपुर, सुभाष नगर, रामपुर गार्डन, पुराना शहर समेत कई कॉलोनियों में तालाब सा बन गया। नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों तक में घुस गया। इस दौरान उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
अगर समय रहते हो जाती नालों और नालियों की सफाई तो नहीं होती मुसीबत
एक बार फिर बारिश ने नगर निगम की पोल खोल कर रख दी है। स्मार्ट सिटी में हुई बारिश ने यह साफ कर दिया कि हमारे शहर में जो काम कराए गए हैं, वह कितने कारगर रहे। अगर स्मार्ट सिटी में नालों और नालियों की तलिझाड़ सफाई कराई होती तो शायद यह स्थिति नहीं देखना पड़ती। घरों में पानी भरने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
घरों में भरा पानी बना आफत
कई जगह लोगों के घरों में पानी भर गया। घरों में पानी भरने से उनका सामान तक खराब हो गया। यहां तक कि उनके घरों में खाना तक नहीं बन सका। कई जगह जहां पानी के निकास होता था, उस जगह प्लाट बनने से पानी का निकास बंद हो गया है। नगर निगम ने बड़े नालों की सफाई नहीं कराई है। सुभाष नगर से करेली करगैना जाने वाले नाले की स्थिति बहुत खराब है। जिस कारण पानी का निकास नहीं होने से पानी वापस शहर की तरफ लौटने से आफत बन जाती है।
सरकारी संस्थानों में भरा पानी
जिला अस्पताल से लेकर एसपी कार्यालय तक पानी ही पानी नजर आ रहा था कई संस्थानों में जलभराव होने से काफी दिक्कत हो गई। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। वहीं एसएसपी ऑफिस में पानी भरने से परिसर पूरा तालाब में तब्दील हो गया।
सिटी स्टेशन पर लगा जाम
कुछ समय पहले किला साइड सेआने वाले सिटी स्टेशन के सामने सीसी रोड का निर्माण कराया गया था।लेकिन अब दूसरी साइड की रोड खराब होने से समस्या जस की तस है। एक साइड पर दोनों तरफ के वाहन आने से जाम की स्थिति बन गई।
