Kanpur Dehat News: बारिश में घर गिरने से किसान व मजदूर की दबकर मौत, हादसे से परिजन हुए बेसुध

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में बारिश में घर गिरने से किसान व मजदूर की दबकर मौत।

कानपुर देहात के भोगनीपुर में बारिश में घर गिरने से किसान व मजदूर की दबकर मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।

कानपुर देहात, अमृत विचार। भोगनीपुर क्षेत्र के दो अलग-अलग गांवों में बारिश के दौरान पशुबाडे़ की छत कमरे व घर कच्चा घर गिर गया। जिससे मलवे में दबकर किसान व मजदूर की मौत हो गई। तहसील प्रशासन व पुलिस ने मौके पर जाकर जांच-पड़ताल की है।

पहली घटना में भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के गिरदौ गांव निवासी सुखरानी ने बताया कि उनके किसान पति सभादीन (58) पुत्र मोतीलाल गुरुवार की रात घर से कुछ दूरी पर बने पशुबाड़े में लेटने गए थे। सुबह पड़ोसियों से जानकारी मिली कि पशुबाड़े के कमरे की कच्ची छत गिर गई है और सभादीन की दबकर मौत हो गई। घटना की जानकारी पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई।

सूचना पर कानूनगो अखिलेश कुमार व लेखपाल अवधेश कुमार मौके पर पहुंचे और कागजी कार्रवाई की। वहीं देवीपुर चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

वहीं दूसरी घटना में डीघ गांव निवासी अनिल कुमार ने बताया कि उसने व मजदूर पिता ने कई बार आवास योजना के लिए संपूर्ण समाधान दिवस, ग्राम प्रधान व सचिव को प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन उन्हें आवास योजना का लाभ नहीं मिल सका। जिससे वह एक कमरे के कच्चे घर मंे पिता व भाई अभिषेक के साथ रहते है। गुरुवार को हुई जोरदार बारिश के चलते रात में कच्चे कमरे की छत गिर गई। जिसके मलवे में दबकर पिता रामबाबू यादव गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी पर कानूनगो अखिलेश कुमार, लेखपाल नवनीत सचान, अवधेश कुमार ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की। शाम को पहुंचे एडीएम प्रशासन केशव गुप्त व एसडीएम ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और मदद का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

संबंधित समाचार