बाजपुर: पति पर बेटी को बेचने के प्रयास का आरोप
बाजपुर, अमृत विचार। नाबालिग बेटी को 50 हजार रुपये में बेचने की कोशिश करने एवं विरोध करने पर गाली-गलौज व मारपीट करने का आरोप लगा पीड़िता ने अपने पति के विरुद्ध एसडीएम, सीओ कार्यालय व कोतवाली में तहरीर दी है।
नगरपालिका क्षेत्र के अंतर्गत निवासरत महिला ने आरोप लगाया कि पति आए दिन शराब पीकर मारपीट करता है। 2 जुलाई को पति नाबालिग बेटी को 50 हजार रुपये में बेचने की बात कहते हुए 12 बजे रात उठाकर ले जाने लगा।
बेटी को आरोपी से बचाने का प्रयास किया तो मारपीट की गई। शोर सुनकर पहुंचे मोहल्ले के लोगों की मदद से बेटी को बमुश्किल उसके चंगुल से छुड़ाया। समाचार लिखे जाने तक मामला दर्ज नहीं हुआ था। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
