Kannauj: दो बार तलाक देकर कराया दूसरे मर्द के साथ हलाला, अप्राकृतिक संबंध बनाने का विरोध करने पर पीटा, जानें- मामला
कन्नौज में दो बार तलाक देकर कराया दूसरे मर्द के साथ हलाला।
कन्नौज में दो बार तलाक देकर दूसरे मर्द के साथ हलाला कराया। अप्राकृतिक संबंध बनाने का विरोध करने पर पीटा। एसपी के आदेश पर मुकदमा दर्ज।
कन्नौज, अमृत विचार। शौहर (पति) ने जिस पत्नी के साथ निकाह कुबूल किया था, उसे दो बार तलाक देकर दूसरे मर्द के साथ हलाला करवा दिया। इतना ही नहीं उसके साथ अप्राकृतिक संबंध भी बनाए गए। विरोध करने पर महिला को मारपीट कर घायल कर दिया गया। कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए शौहर ने अपनी संपत्ति का आधा भाग मेहर के रूप में अदा कर फिर निकाह कर लिया। पीड़िता ने एसपी से शिकायत की तो सदर कोतवाली में पहली बार हलाला का मुकदमा दर्ज कर लिया गया।
यह सनसनीखेज घटना शहर में हुई। एक मुस्लिम महिला ने पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह से शिकायत की कि उसका शौहर गुजरात की एक महिला के चक्कर में उसे कई सालों तक प्रताड़ित करता रहा। यहां तक कि उसके साथ अप्राकृतिक संबंध भी बनाए गए, विरोध करने पर उसे पीटा गया। शौहर ने उसे इस्लामिक कानून का हवाला देकर दो बार मौखिक रूप से तीन तलाक दे दिया और दोबारा निकाह करने के लिए गैर मर्द के साथ उसका हलाला करवा दिया।
इसके बाद कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए शौहर ने अपनी प्रापर्टी का आधा भाग मेहर के रूप में अदा कर दिया और अच्छी तरह से रखने का वादा किया। तीन जुलाई को शौहर रात 11 बजे कमरे में आया और जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए। विरोध करने पर उसने धमकी दी कि इसी तरह रहना पड़ेगा। समाज व लोकलाज के भय से वह घर से नहीं निकली, लेकिन शौहर की आदतों से आजिज आकर उसने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। एसपी ने सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक को तत्काल मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए।
शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी शौहर साबिर अय्यूब के खिलाफ तीन तलाक व हलाला निरोधी कानून व अप्राकृतिक दुष्कर्म का मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार अवस्थी ने बताया कि एसपी के आदेश पर घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पीड़िता पहले लिखा चुकी दहेज उत्पीड़न का मुकदमा
हलाला पीड़ित महिला पहले ससुरालीजनों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा दर्ज करा चुकी है। इसमें उसने शौहर मोहम्मद साबिर अय्यूब, सास खुशनुमा, जेठ फहीम, गुलशन, धंदा, महफूज व तुफैब, ननदोई साजिद, साले, देवरानी चांदनी को आरोपी बनाया है। पीड़िता के मुताबिक इस मुकदमे के बाद शौहर ने उसका उत्पीड़न और अधिक शुरू कर दिया था। इस मुकदमे में उसने लोकलाज के डर से तीन तलाक व हलाला की बात पुलिस को नहीं बताई थी।
