Kanpur में सिरफिरे की करतूत से कराह उठीं महिलाएं, बाइक सवार ने 50 मीटर की दूरी पर तीन महिलाओं को पीछे से मारी लात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में बाइक सवार ने 50 मीटर की दूरी पर तीन महिलाओं को मारी लात।

कानपुर के दामोदर नगर में बाइक सवार ने 50 मीटर की दूरी पर तीन महिलाओं को लात मार दी। मजदूरों के दौड़ाने पर आरोपी भाग निकले।

कानपुर, अमृत विचार। कानपुर दक्षिण का दामोदर नगर इलाका, वैसे तो शांत प्रिय है, मगर कुछ सिरफिरों की करतूत सनसनी फैलाने के लिए काफी है। बुधवार को एक सिरफिरे की करतूत ने इस इलाके की महिलाओं में ऐसा खौफ पैदा कर दिया कि छात्राएं और महिलाएं घर से बाहर निकलने में डर महसूस करने लगी हैं। दरअसल, इस सिरफिरे ने तीन महिलाओं के साथ ऐसा बर्ताव किया कि वे दर्द से कराह उठीं। एक महिला के साथ जब मजदूरों ने ललकारा तो वह भाग निकला।

बुधवार की शाम करीब पांच बजे का वाक्या है। दामोदर नगर इलाके में सब कुछ सामान्य चल रहा था। आसमान में काली घटाएं छाई थीं। बारिश के पूरे आसार दिख रहे थे। सड़क पर सामान्य चहल-पहल थी। काकादेव के बाद कर्रही इलाका नई कोचिंग मंडी के रूप में विकसित हो रहा है। कानपुर ग्रामीण क्षेत्र के साथ कानपुर देहात और फतेहपुर जनपद के ज्यादातर लड़के-लड़कियां इसी एरिया में किराए का कमरा लेकर कोचिंग पढ़ रहे हैं और अपने भविष्य का ताना-बाना बुन रहे हैं। 

एक गांव की रहने वाली यह छात्रा भी इसी इलाके में किराये का कमरा लेकर रही है। वह कोचिंग पढ़ रही है। घरवालों ने दिल में पत्थर रखकर उसे प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए महानगर भेजा है। शाम को वह घर से कोचिंग पढ़ने के लिए निकली थी। मुंह में दुपट्टा बांधे थी। बांजुओं में किताब-रजिस्टर दबाए वह सामान्य चाल चल रही थी।

दून हाउस चौराहे से वैष्णवी ब्यूटी पार्लर की ओर से कोई 20 कदम आगे बढ़ी थी, तभी पीछे से एक बाइक सवार सिरफिरा पहुंचा और छात्रा के कमर के नीचे जोरदार लात मारा, जिससे वह गिरते-गिरते बची। अपने को संभालते हुए कमर दबाकर बैठ गई।

छात्रा जब तक कुछ समझ पाती, तब तक बाइक सवार सिरफिरा 10 कदम आगे पहुंच गया और अपने काम से निकली महिला को उसी अंदाज में पीछे से पैर मारा। वह महिला जब तक कुछ समझ पाती, वह सिरफिरा आगे बढ़ गया और एक युवती को तेजी से लात मारा, जिससे वह कराह उठी और कमर-पेट पकड़कर उसी जगह बैठ गई। एकबारगी जोर की ठोकर लगने से उसकी चीख निकल गई। वह रोने लगी और उसकी आंखों से आंसू फूट पड़े। इस युवती से 10 कदम पीछे चल रही दूसरी वाली महिला ने जब अपनी आंखों से सिरफिरे की हरकत देखी तो शोर मचाया।

महिला के शोर मचाने पर एक निर्माणाधीन मकान में काम कर रहे मजदूर दौड़े और ललकारा तो सिरफिरा बाइक से तेजी के साथ कर्रही की ओर निकल भागा। 50 मीटर की दूरी पर तीन महिलाओं के साथ इस क्रूर हरकत से इलाके में सनसनी फैल गई। तीनों महिलाएं बारी-बारी से एक जगह एकत्र हुईं और अपने साथ हुई गंदे बर्ताव की बात बताई। इस वाक्या के बाद इलाके की महिलाएं सहम सा गई हैं। अब महिलाएं घर से बाहर निकल रही हैं, तो जेहन और आंखों में वही करतूत नाच रही है।

सीसीटीवी फुटेज से खोज सकती पुलिस

जिस 50 कदम की दूरी पर महिलाओं के साथ घटना हुई, उसके आसपास कई सीसीटीवी कैमरे लगे हैं। एक आईपीएस का भी मकान है, जहां कैमरे दुरुस्त हैं। घटना भी इन्हीं कैमरा कवरेज एरिया के पास हुई। लोगों का कहना है कि अगर कैमरों के फुटेज खंगाले जाएं तो सिरफिरा पकड़ा जा सकता है। अगर उसे नहीं पकड़ा गया तो वह फिर हरकत कर सकता है या दूसरे इलाके में ऐसी घटना करेगा।

इलाके में अब नहीं दिखती डायल 112

लोगों का कहना है कि कुछ दिन पहले इस इलाके में मोबाइल और चेन लूट की वारदात के बाद पुलिस की गाड़ियां गश्त करती थीं। डायल 112 अक्सर दून हाउस के पास खड़ी नजर आती थी। रात में पुलिस की चीता मोबाइल की टीम भी दौड़ती थी। रात के सन्नाटे में पुलिस के सायरन की आवाज सुनाई देती थी, मगर इधर पांच-छह महीने से पूरे इलाके में पुलिस नजर नहीं आती। लोगों का कहना है कि पुलिस गश्त होनी चाहिए।

ऐसा कोई मामला जानकारी में नहीं है। अब संज्ञान में आने के बाद मामले की छानबीन की जाएगी और ऐसा करने वाले खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।- सूर्यबली पांडेय, एसओ बर्रा

संबंधित समाचार