रजा लाइब्रेरी के 250 वर्ष पूरे होने पर ऐतिहासिक होगा रामपुर महोत्सव
रंग महल में शनिवार को रजा लाइब्रेरी के 250 वर्ष पूर्ण होने पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों के साथ की बैठक, कार्यक्रमों में प्रदेश की राज्यपाल, मुशायरा, सेमिनार, आर्ट एंड आर्किटेक्चर शो समेत होंगे कई कार्यक्रम आनंदी पटेल भी हो सकती हैं शामिल,
रामपुर, अमृत विचार। रजा लाइब्रेरी के 250 साल पूरे होने पर रामपुर महोत्सव मनाए जाने के लिए तैयारियां जोर पकड़ने लगी हैं। रजा लाइब्रेरी में 7 अक्टूबर 2023 से कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे जोकि, 7 अक्टूबर 2024 तक संचालित होंगे। मंडलायुक्त आंजनेय कुमार सिंह ने बताया कि रामपुर महोत्सव में प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी शामिल हो सकती हैं।
विश्व प्रसिद्ध लाइब्रेरी को ढाई सौ साल पूरे होने पर अक्टूबर में रामपुर महोत्सव पूरे जोशो-खरोश से मनाया जाएगा। मंडलायुक्त ने कहा कि इस ऐतिहासिक समारोह में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल शामिल हो सकती हैं। इसके लिए एक प्रजेंटेशन तैयार की जा रही है, जिसमें रजा लाइब्रेरी में होने वाली सभी गतिविधियां शामिल होंगी।
मंडलायुक्त ने बताया कि रजा लाइब्रेरी में होने वाले आयोजनों में रामपुर महोत्सव, स्कालर स्पीच, बुक बाइंडिंग प्रतियोगिता, गजल महोत्सव, फूड फेस्टिवल, रामपुर के शायरों की याद में मुशायरा, विद्वानों का सेमिनार, आर्ट एंड आर्किटेक्चर शो, रजा लाइब्रेरी की डॉक्यूमेंट्री का प्रसारण आदि शामिल है। रंग महल में शनिवार की अपराह्न 2 बजे से शाम 4 बजे तक शहर विधायक आकाश सक्सेना, मंडलायुक्त मुरादाबाद आंजनेय कुमार सिंह, जिलाधिकारी रविंद्र कुमार मांदड़, अपर जिलाधिकारी राजस्व एवं वित्त हेम सिंह, समेत रजा लाइब्रेरी के अधिकारियों ने कार्यक्रम की बाबत चिंतन-मंथन किया।
रोड मैप तैयार करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि रामपुर महोत्सव ऐतिहासिक होगा क्योंकि, सात अक्टूबर 2024 को रजा लाइब्रेरी के 250 साल पूरे हो रहे हैं। बैठक में सिटी मजिस्ट्रेट सत्यम मिश्रा, डा. अबुसाद इस्लाही, सैयद तारिक अजहर, अरुण कुमार, हिमांशु सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: दो किशोरियों का अपहरण करने के मामले में 10 पर रिपोर्ट, तलाश शुरू