मुरादाबाद : OMG! यह है आल इस वेल सड़क की सच्चाई
खुद की कमियां छिपाकर सहायक निदेशालय को परियोजनाओं का करा दिया निरीक्षण, जलनिकासी का प्रबंध सुचारू न होने के बाद भी सहायक निदेशक को नहीं दिखी कोई कमी
मुरादाबाद, अमृत विचार। महानगर की रामगंगा विहार कॉलोनी, आशियाना में सीवरलाइन का पाइप डालने का काम एक साल में भी पूरा नहीं हो पाया। खोदाई कार्य के चलते रामगंगा विहार पुलिस चौकी से लेकर विकास भवन के मोड़ तक सड़क की एक पटरी पर आवागमन हो रहा है। वह भी टूटी होने से बरसात में गड्ढों में पानी भरने से नागरिकों की दुर्दशा हो रही है। गड्ढों में गिरकर लोग चोटिल हो रहे हैं। लेकिन न तो कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को दिख रहा है और न निदेशालय से आईं अधिकारी को। सहायक निदेशक ने दूसरे दिन भी निरीक्षण में आल इज वेल की रिपोर्ट जारी करा दी।
नगरीय विकास निदेशालय में सहायक निदेशक शालिनी सिंह तोमर ने शनिवार को भी महानगर में नगर विकास विभाग की ओर से चल रहे कई परियोजनाओं की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने किला तिराहे से लेकर सेल्स टैक्स चौराहे तक स्मार्ट सिटी मिशन की ओर से मेसर्स केके स्पन इंडिया लिमिटेड की ओर से अनुबंध के आधार पर 141.78 किमी लंबी लाइन डालने के कार्य को देखा। कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों ने उनको कागजी आंकड़ों में उलझाकर अपनी पीठ थपथपा ली।
बता दिया कि 106.86 किमी सीवर लाइन डाल दी गई है। कार्य की प्रगति 71 प्रतिशत निरीक्षण रिपोर्ट में दिखाया गया। मगर उन्हें जनता की दुश्वारियां नहीं दिखीं। जो इस कार्य के चलते गड्ढों में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। इसी कॉलोनी के एक व्यक्ति के गड्ढे में गिरकर चोटिल होने पर उनकी पत्नी ने सिविल लाइंस थाने में रिपोर्ट लिखवाई है। मगर सिस्टम से जुड़े लोगों को जनहित से शायद लेना देना नहीं हैं। उन्हें केवल कागजी घोड़े दौड़ाकर आंकड़ों की बाजीगरी से विकास को ऊंचाई पर दिखाने की होड़ है।
सफाई व्यवस्था लचर, लायन कंपनी के कार्य दिखाकर पाई शाबासी
शहर में सफाई व्यवस्था लचर स्थिति में है। जलनिकासी न होने से नाली का कचरा सड़कों पर पसरा है। कूड़ा उठान में सिर्फ 20 वार्डों में लायन सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के बेहतर कार्य को दिखाकर स्थानीय अधिकारियों ने शाबासी ले ली। घर-घर कूड़ा उठान में कूड़ा पृथक्कीकरण स्थल को उन्होंने देखा। काम को संतोषजनक बताकर चल दीं। लेकिन हकीकत में यह नहीं बताया कि इस कंपनी के बीस वार्डों के अलावा अन्य में किसी एजेंसी द्वारा सही से काम नहीं किया जा रहा है। आशियाना, हरथला, सिविल लाइंस के कई क्षेत्रों में निजी व्यक्तियों द्वारा कूड़ा उठान कर मुख्य सड़क पर डंप कर दिया जाता है। जिसकी दुर्गंध से लोगों को नाक पर रूमाल रखने की नौबत आ जाती है।
सफाई व्यवस्था की स्थिति को ठीक कराएंगे। आशियाना या अन्य किसी मोहल्ले में कूड़ा उठान में निगम की ओर से कोई फर्म घर-घर कूड़ा उठान नहीं कर रही है। इसके लिए जल्द ही व्यवस्था होगी।-महेश चंद्र वर्मा, जोनल सेनेटरी अधिकारी, नगर निगम
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : 17 जुलाई तक इन मार्गों से गुजरेंगे भारी वाहन, सुबह छह से शाम चार बजे तक रहेगा ट्रैफिक डायवर्जन
