Kanpur News: सराफा दुकान में नन्हे बच्चे कर रहे थे चोरी, पब्लिक ने दी ऐसा सजा, ताउम्र रहेगी याद
कानपुर में सराफा दुकान में चोरी करते बच्चे पकड़े गए।
कानपुर के बर्रा थानाक्षेत्र अंतर्गत दो बच्चों को चोरी करते इलाकाई लोगों ने पकड़ लिया। पुलिस ने नाबालिग चोरों को हिरासत में लिया।
कानपुर, अमृत विचार। बर्रा में निर्माणाधीन मकान में चोरी के दौरान दो नन्हें चोरों को क्षेत्रीय लोगों ने पकड़ लिया। घटना की जानकारी मकान मालिक को दी। मकान मालिक व उसके भांजे ने नन्हें चोरों को रस्सी से बांध कर जमकर पीटा। सोशल मीडिया पर फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने मकान मालिक व उसके भांजे को हिरासत में ले लिया।
बर्रा थानाक्षेत्र के ब्लॉक निवासी योगेश गुप्ता की अमन ज्वैर्ल्स के नाम से सराफा की दुकान है। दुकान के बगल में ही योगेश मकान का निर्माण करा रहे थे। रविवार को उनके निर्माणाधीन मकान में दो नन्हें चोर घुस कर वायरिंग का तार चोरी कर रहे थे। इसी दौरान क्षेत्रीय लोगों की नजर पड़ने पर लोगों ने दोनों को पकड़ कर मकान मालिक को घटना की जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे योगेश व उनके भांजे मोहित गुप्ता ने नन्हें चोरों के हाथ में रस्सी बांध कर उनकी जमकर पिटाई की और घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे बर्रा चौकी प्रभारी शैलेंद्र सिंह ने चोरों को हिरासत में ले लिया। सोशल मीडिया पर नन्हें चोरों की हाथ बंधे फोटो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लिया। पुलिस ने मकान मालिक व उसके भांजे को हिरासत में लिया। बर्रा थानाध्यक्ष सूर्यबली पांडेय ने बताया कि मुकदमा पंजीकृत किया गया है। नन्हें चोरों के पास से कॉपर का तार बरामद किया है।
