Unnao: टिन शेड में उतरे करंट की चपेट में आकर पूर्व प्रधान की मौत, परिजन पुलिस को बिना सूचना दिए शव लेकर गए गांव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में टिन शेड में उतरे करंट की चपेट में आकर पूर्व प्रधान की मौत।

उन्नाव में टिन शेड में उतरे करंट की चपेट में आकर पूर्व प्रधान की मौत हो गई। परिजन बिना पुलिस को सूचना दिए शव अपने गांव लेकर चले गए।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव की बांगरमऊ कोतवाली अंतर्गत दुकान के आगे लगे टिन शेड में उतरे करंट की चपेट में आए गांव नसिरापुर के पूर्व प्रधान गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

कोतवाली क्षेत्र के गांव नसिरापुर के पूर्व प्रधान देव प्रकाश कटियार का बांगरमऊ में जिला सहकारी क्रय-विक्रय समिति भवन के निकट रहते थे। उनके मकान में बनी दुकान में पूर्व प्रधान का छोटा बेटा राजेश कटियार ओम ज्वेलर्स के नाम से आभूषण की दुकान खोले है। दुकान के आगे टिन शेड पड़ा है। उसके ऊपर से मकान के लिए कनेक्शन का विद्युत केबिल गया था।

केबिल कटने के कारण टिन शेड और लोहे के पाइप में करंट उतर आया। सोमवार दोपहर बाद हुई बारिश से बचने के लिए पूर्व प्रधान टिन शेड के नीचे खड़े थे। तभी जैसे ही उन्होंने पाइप पकड़ा वह करंट की चपेट में आकर झुलस गए। परिजन आनन-फानन उन्हें सीएचसी ले गए। जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक की पत्नी ज्ञानवती का 17 वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है। उनका बड़ा पुत्र विमल गांव नसिरापुर में कृषि कार्य देखता है। परिजन पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव गांव लेकर चले गए।

संबंधित समाचार