Unnao News: टेंपो चालक की पीट-पीटकर हत्या, रोड पर खड़ी धान मशीन का विरोध करना पड़ गया भारी
उन्नाव में रोड पर खड़ी धान मशीन का विरोध करने पर टेंपो चालक को पीटा।
उन्नाव में टेंपो चालक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। हत्या की वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
उन्नाव, अमृत विचार। सोहरामऊ थानाक्षेत्र के मिर्जापुर गांव में धान मशीन सड़क पर खड़ी करने का विरोध करना टेंपो चालक को महंगा पड़ गया। मशीन संचालक ने साथियों के साथ मिलकर उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसके अचेत होने पर वे उसे वहीं छोड़ कर भाग गए। परिजनों की सूचना पर पुलिस उसे सीएचसी ले गई। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाई है। हालांकि पुलिस के अनुसार, अभी तक तहरीर नहीं मिली है।
बता दें कि मिर्जापुर गांव निवासी रामचरन कुशवाहा (25) टेंपो चालक था। उसके भाई सूरज ने बताया कि सोमवार दोपहर एक घर के सामने धान कुटाई मशीन खड़ी थी। भाई ने टेंपो न निकलने पर उसका विरोध किया तो मशीन संचालक से विवाद हो गया। मशीन संचालक ने फोन कर लोगों को बुलाया और सभी ने मिलकर रामचरन को पीटना शुरू कर दिया। पिटाई के दौरान भाई अचेत होकर गिर गया। उसे अचेत देख सभी आरोपी वहां से भाग निकले।
परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस उसे सीएचसी लेकर पहुंची। जहां डाक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सीएचसी से ही पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि मृतक दो भाईयों में छोटा था। हादसे के बाद पिता मेवालाल, मां आशोका, पत्नी कुसुमा का रो- रोकर बुरा हाल है। उसके नौ माह की एक बच्ची आयुषी है। हसनगंज सीओ संतोष सिंह ने बताया कि पीएम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। बताया कि अभी तक परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
