Kanpur Dehat News : कुएं में मिला युवक का शव, मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त, हत्या की आशंका, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में कुएं में युवक का शव मिला

कानपुर देहात में कुएं में युवक का शव पड़ा मिला। मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। लोगों ने हत्या कर शव फेंकने की आशंका जताई।

कानपुर देहात, अमृत विचार। शिवली क्षेत्र के कल्याणपुर गांव में बुधवार को एक युवक का शव कुएं में संदिग्ध हालत में पड़ा मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। लोगों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जाहिर की है। वहीं एसपी ने छानबीन कर खुलासे के निर्देश दिए हैं।

शिवली कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत जुगराजपुर के मजरा कल्याणपुर गांव में बुधवार की सुबह पूर्व ग्राम प्रधान रविंद्र सिंह के खेत में बने कुएं में करीब 35 वर्षीय अज्ञात युवक का शव पड़ा मिला। उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे कोतवाल  प्रभारी जनार्दन प्रताप सिंह ने शव को बाहर निकलवाकर शिनाख्त के प्रयास किए, लेकिन पहचान नहीं हो सकी। शव करीब दो से दिन पुराना लग रहा था। मृतक टी-शर्ट व लोवर पहने हुए था। ग्रामीणों में हत्या कर शव फेंके जाने को लेकर चर्चा रही।

उधर, जानकारी पर एसपी बीबीजीटीएस मूर्ति मौके पर पहुंचे और छानबीन की। उन्होंने बताया कि फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य एकत्रित कराए जा रहे हैं। प्रथम दृष्टया गिरने से मौत होना प्रतीत हो रहा है। मृतक के बाएं हाथ में अरुण राजपूत लिखा गुदा हुआ है। आसपास क्षेत्र व थानों में सूचना देकर मृतक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। शव को मोर्च्युरी में रखवा दिया गया है।

दुर्गंध फैलने पर मौत की हुई जानकारी

कल्याणपुर के जिस कुएं में अज्ञात युवक का शव मिला है। वह गांव से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर है। मौजूदा समय में कुएं की तली में ही पानी था और 40 फीट गहराई बताई गई। झाड़ियों से घिरा होने के कारण वहां पर कोई नहीं जाता था। ऐसे में लोगों में चर्चा रही कि अज्ञात युवक वहां कैसे पहुंच गया। वहीं घटना की जानकारी तब हुई, जब दुर्गंध फैल गई।

संबंधित समाचार