बदायूं: गंगा में आई बाढ़ से बिगड़ रहे हालात, सहसवान के कई गांव बने टापू 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रशासन की ओर से दो राहत केंद्र बनाए गए, नरौरा बांध से गुरुवार को छोड़ा गया 1.45 क्यूसेक पानी, खतरे के निशान से ऊपर बह रहीं गंगा

बदायूं, अमृत विचार: गंगा में आई बाढ़ से जिले में हालात बिगड़ते जा रहे हैं। गुरुवार को नरौरा बैराज से 1.45 लाख क्यूसेक पानी गंगा में छोड़ा गया है, जिससे गंगा का जल स्तर और बढ़ गया। बाढ़ का पानी भरने से सहसवान क्षेत्र के कई गांव टापू बन गए हैं। ग्रामीण अपने घरों में आने जाने के लिए नाव का इस्तेमाल कर रहे हैं। उधर, कछला में गंगा खतरे के निशान से ऊपर बह रही हैं।

वहीं, गुरुवार को रामगंगा में 1.59 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया। गुरुवार को डीएम मनोज कुमार समेत कई अधिकारियों ने बाढ़ क्षेत्रों में जाकर हालात का जायजा लिया। पिछले कई दिनों से नरौरा बैराज से पानी गंगा में छोड़े जाने से खतरा बढ़ता जा रहा है। गुरुवार को नरौरा बैराज से 145780 क्यूसेक पानी गंगा में छोड़ा गया।

इतनी बड़ी मात्रा में पानी छोड़ने जाने से कछला में गंगा खतरे से ऊपर बह रही हैं। कछला में बुधवार शाम गंगा में 162.67 मीटरगेज से करीब 56 सेंटीमीटर पानी ऊपर निकल गया। इसलिए उसहैत और उसावां के तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। उसहैत व उसावां इलाके में गंगा से जुड़े इलाकों में हाई अलर्ट जारी।

गंगा में गुरुवार को छोड़े गये पानी से स्थिति विकराल हो गयी है। सहसवान तहसील क्षेत्र में नगला वीर सहाय, खागी नगला एवं परशुराम नगला आदि गांवों जाने वाले संपर्क मार्गों पर पानी बहने लगा। इससे ग्रामीणों का गांव तक पहुंचना दुश्वार हो गया है। खेतों में खड़ी फसलें पानी में डूब गईं। बाढ़ पीड़ित ग्रामीणों की दुश्वारियां बढ़ती जा रही है।

प्रशासन ने ग्रामीणों के आने जाने के लिए आठ नावों की व्यवस्था की है, जिससे लोग अपने घरों को आ जा रहे हैं। एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने बताया बाढ़ पीड़ितों के लिए रिलीफ केंद्र धापड़ प्राथमिक विद्यालय एवं प्राथमिक विद्यालय सठोलिया में बनाया गया है। एसडीएम ने बताया कि नगला वीर सहाय, खागी नगला एवं परशुराम नगला में आठ नाव संचालित की गई हैं। जरूरत पर और बढ़ा दी जाएंगी।

बाढ़ चौकियों पर राजस्व टीम तैनात है, जो बाढ़ पर नजर बनाए हुए हैं। ग्रामीणों से बाढ़ पर नजर रखने कहा गया है। खतरा देखते ही ग्रामीण सुरक्षा केंद्र पर पहुंच जाएं। एसडीएम प्रेमपाल सिंह ने अपर मुख्य चिकित्साधिकारी एनएन शुक्ला, खंड विकास अधिकारी ज्योति शर्मा एवं राजस्व व पुलिस टीम के साथ बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र का दौरा किया। बाढ़ से प्रभावित ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। बाढ़ चौकियों पर तैनात टीम को पीड़ितों की हर संभव मदद करने को कहा गया है।

ये भी पढ़ें - बदायूं: खतरे के निशान से एक सेमी नीचे पहुंची गंगा, छोड़ा गया एक लाख पांच हजार क्यूसेक पानी

संबंधित समाचार