लखनऊ की इन सड़कों पर भूल से भी ना करें पार्किंग, लगेगा तगड़ा जुर्माना - आदेश जारी
लखनऊ, अमृत विचार। राजधानी लखनऊ में यातायात व्यवस्था को सुगमता से चलाने और जाम से मुक्त कराने को लेकर पुलिस कमिश्नरेट लखनऊ ने 11 मार्गों पर नो पार्किंग घोषित किया है। जिसको लेकर लोगों को जागरूक करने के लिए लखनऊ पुलिस कल से एक सप्ताह विशेष अभियान चलाएगी। वहीं एक सप्ताह बाद इन चिन्हित मार्गों पर खड़े वाहनों को टो करके टो यार्ड में रखा जायेगा।
बता दें कि डीसीपी ट्रैफिक आशीष श्रीवास्तव ने राजधानी लखनऊ में यातायात को सुगम बनाने के लिए 11 मार्गों पर नो पार्किंग घोषित किया है। इस बात की जानकारी ज्वाइंट पुलिस कमिश्नर लॉ एंड ऑर्डर उपेंद्र अग्रवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दी। उन्होंने बताया कि नो पार्किंग मार्गों पर गाड़ी पार्किंग करने पर क्रेन से वाहन को टो करके टो यार्ड में रखा जायेगा। जिसकी सूचना फोन के माध्यम से वाहन स्वामी को दी जाएगी। इसके बाद निर्धारित शुल्क देने के बाद वाहन स्वामी अपने वाहन को वापस ले जा सकता है।
उन्होंने आगे बताया कि वाहनों को टो करने वाली क्रेनों में कैमरे लगे होंगे। जिससे उठाई गई गाड़ियों में कोई अनियमितता न आए। इसके अलावा हर क्रेन पर पब्लिक एड्रेस सिस्टम लगा रहेगा। जिससे किसी भी वाहन को टो करने से पहले अनाउंसमेंट किया जायेगा। जेसीपी ने आगे बताया कि हर क्रेन पर एक यातायात कर्मी मौजूद होगा जो वाहनों के नो पार्किंग जोन में खड़े होने की वीडियो बनाएगा।
.jpg)
यातायात पुलिस ने इन 11 मार्गों विधानसभा के चारो तरफ मार्ग, घंटाघर से इमामबाड़ा, गौतमपल्ली चौराहे से हजरतगंज चौराहे तक और अटल चौराहे से मेफेयर तक, गोल्फ चौराहे से वीवीआईपी गेस्ट हाउस तक, अलका तिराहे से सहारागंज तिराहे तक, बापू भवन से बार्लिंगटन से रविंद्रालय से नत्था तिराहे तक, हुसड़िया चौराहे से हैनीमैन चौराहे तक, कमता तिराहे से बीबीडी तक, निशातगंज गुडबेकरी के सामने मुख्य मार्ग, आलमबाग बस अड्डे के सामने और दुबग्गा तिराहे से छन्दौईया चौराहे तक पर नो पार्किंग जोन घोषित किया किया है।
वहीं टो किए चार पहिया वाहन के लिए 1100 रुपए, तीन पहिया वाहन के लिए 800 रुपए और दो पहिया वाहन के लिए 700 रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है।साथ ही आप टो किये गये वाहन की जानकारी यातायात कन्ट्रोल रूम के नं० -9454405155 से प्राप्त कर सकते हैं और क्रेन संचालन नियन्त्रण कक्ष के टोल-फ्री नं0-1800-120-0428 पर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
ये भी पढ़ें -आजम की सुरक्षा वापस लेने पर सपा ने साधा भाजपा पर निशाना, प्रदेश अध्यक्ष बोले - जानबूझकर परेशान कर रही सरकार
