Bareilly: क्रिसमस पर प्लम और फ्रूट रम केक के मिल रहे ज्यादा आर्डर

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। क्रिसमस को लेकर बाजार में रौनक बढ़ने लगी है। बेकरी पर अपनी पसंद के केक बनवाने के आर्डर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा बाजार में डेकोरेशन की दुकानों पर क्रिसमस ट्री और गिफ्ट की भी बिक्री तेज हो गई है। बच्चों के साथ बुजुर्गों ने एक दूसरे को गिफ्ट देने के लिए खरीदारी शुरू कर दी है।

दुकानदारों ने बताया कि चॉकलेट केक, इटालियन क्रीम, स्टिकी टॉफी, पुडिंग डेट्स नट, लोफ और फ्रूट केक खासतौर पर तैयार किए जा रहे हैं। सबसे ज्यादा फ्रूट रम और प्लम केक की मांग अधिक है। ग्राहकों की डिमांड पर केक में सांता क्लॉज के स्टिकर आदि लगाए जाएंगे। बाजार में 300 से 1 हजार रुपये तक के केक अलग- अलग फ्लेवर में उपलब्ध हैं।

क्रिसमस ट्री और गिफ्ट की हो रही बिक्री
क्रिसमस को लेकर ईसाई समाज के लोगों ने तैयारी शुरू कर दी है। लोग अपने घरों को सजाने के लिए झालर और स्टार की खरीददारी कर रहे हैं। दुकानों पर सांता क्लॉज की ड्रेस, क्रिसमस ट्री, सजावटी सामान और उपहार सजे हुए हैं। जिंगल बेल की ढेर सारी वेरायटी बाजार में है। सादा क्रिसमस ट्री 25 से 1800 रुपये तक उपलब्ध है। इसमें सजावट का सामान झालर, क्रिसमस बेल, आदि अलग से खरीदना होगा। दुकानों पर लोग प्रभु यीशु की पेंटिंग और अन्य उपहारों को अधिक पसंद कर रहे हैं।

दुकानदारों की बात
दुकानदार देवेंद्र टिकियानी ने बताया कि केक के आर्डर अभी से मिलना शुरू हो गए हैं। क्रिसमस नजदीक आते ही आर्डरों की संख्या बढ़ेगी। राहुल खंडेलवाल के मुताबिक केक की बिक्री तो बढ़ी है। क्रिसमस के आर्डर सात दिन पहले अधिक आते हैं। ग्राहकों को समय पर केक उपलब्ध करा दिए जाएंगे। रामिश इकबाल ने बताया कि क्रिसमस ट्री की बिक्री शुरू हो गई है। 1 से 6 फुट तक के क्रिसमस ट्री मौजूद हैं। कुछ ग्राहक बड़े ट्री को पसंद कर रहे हैं। सत्यपाल का कहना है कि अभी क्रिसमस ट्री कम बिक रहे हैं, लेकिन लोग गिफ्टों की खूब खरीदारी कर हैं। बच्चे, जवान, बूढ़े सब एक दूसरे की पसंद के उपहार खरीद रहे हें।

संबंधित समाचार