बरेली: अप्रशिक्षित दाई ने जबरन दवा देकर समय से पहले कराया प्रसव, नवजात की मौत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सात माह की गर्भवती थीं मेहनाज, प्रसव के बाद बिगड़ी हालत

बरेली/फरीदपुर, अमृत विचार। फरीदपुर क्षेत्र के एक गांव में अप्रशिक्षित दाई ने समय से पहले गर्भवती का प्रसव करा दिया। इससे नवजात की मौत हो गई। परिजनों ने आरोपी दाई के खिलाफ तहरीर दी है। वहीं, प्रसूता की हालत गंभीर बनी हुई है। पहले भी दाई की लापरवाही से इलाके में कई नवजात की जान जा चुकी हैं।

गांव खिम्मपुरा की रवीना ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी भाभी गांव रहपुरा निवासी मेहनाज पत्नी मुस्तफा सात माह की गर्भवती थीं। उन्हें पेट में दर्द की शिकायत हुई। इसकी जानकारी होने पर मोहल्ला परा निवासी दाई उनके गांव पहुंची।

परिजनों का आरोप है कि दाई ने प्रसव कराने के लिए जबरन दर्द बढ़ाने की दवा दी। समय से पहले महिला का प्रसव कर दिया, जिससे नवजात की मौत हो गई। प्रसूता मेहनाज की हालत बिगड़ गई, लेकिन दाई घर में ही उसका इलाज करने के लिए परिजनों को बरगलाती रहीं।

जानकारी होने पर क्षेत्र की आशा जब दाई के घर गई तो वह फरार हो गईं। आशा ने मामले की सूचना फरीदपुर सीएचसी के एमओआईसी को दी है। परिजनों ने फरीदपुर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी दाई के खिलाफ रिपोर्ट करने की मांग की है।

हालत बिगड़ने पर पति फिर छोड़कर भाग गया
जिस वक्त मेहनाज को पति की सबसे ज्यादा जरूरत थी, उस वक्त पति उसे फिर छोड़कर भाग गया। मायके वालों ने बताया कि प्रसव के दौरान पति उसे छोड़कर भाग जाता है। उन्हें ही उस वक्त प्रसूता का साथ देना पड़ता है।

बताया कि मेहनाज का यह दूसरा बच्चा था, इससे पहले नगर के एक अस्पताल में पहले बच्चे की प्रसव के दौरान मौत हो गई थी, उस वक्त भी पति उसे अस्पताल में छोड़कर भाग गया था। उसका पति शराब का आदी है। परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इस वजह से मेहनाज के घरवाले दाई के झांसे में आ गए।

मामले की तहरीर नहीं मिली है। मिलने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी---दयाशंकर, प्रभारी निरीक्षक, फरीदपुर।

यह भी पढ़ें- बरेली: राजकीय विद्यालयों में दावों की पढ़ाई, थोक में शिक्षकों के पद खाली

संबंधित समाचार