अयोध्या : नहीं रहे भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष डा. वशिष्ठ, हार्ट अटैक से दिल्ली में हुआ निधन 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

अयोध्या,अमृत विचार। संघर्ष के दौर में भारतीय जनता पार्टी के नामचीन चेहरों में शुमार डा. राकेश वशिष्ठ का उपचार के दौरान देश की राजधानी दिल्ली में हृदयाघात के चलते निधन हो गया। निधन की खबर मिलते ही भाजपा और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है। 

मूल रूप से बुलंदशहर जनपद निवासी डा. राकेश वशिष्ठ अपने परिवार के साथ जनपद आये और फिर यहीं के होकर रह गए। दरअसल उनके पिता यहां रेलवे विभाग में कार्यरत थे। 

साहबगंज क्षेत्र स्थित साहबदीन सीताराम स्कूल के सामने गली में रहने वाले डा. वशिष्ठ होम्योपैथिक चिकित्सा से जुड़े थे और राजनितिक क्षेत्र के साथ सामाजिक क्षेत्र में उनकी सक्रियता थी। मामला चाहे राममंदिर आंदोलन के दौर का हो अथवा भाजपा के सियासी संघर्षों का। हर परिस्थितियों में उन्होंने कुशल और एक निष्ठ कार्यकर्ता होने की मिसाल पेश की तथा पार्टी में जिला उपाध्यक्ष और जिला महामंत्री के पदों का निर्वहन किया। 

इधर हृदय संबधी बीमारी के चलते लगभग एक पखवारे पूर्व उपचार के लिए दिल्ली गए थे और वहां जिले के ही प्रसिद्ध चिकित्सक डा सतसंगी की देखरेख में उनका उपचार चल रहा था। उनके परम सहयोगी व भाजपा नेता विश्वंभर सिंह ने बताया कि सीने में तेज दर्द के बाद हृदयाघात से डाक्टर साहब की मौत हो गई। अंतिम संस्कार सोमवार को किया जाएगा। पत्नी जिले के सिरसिंडा प्राइमरी स्कूल में शिक्षिका हैं।  

डा. वशिष्ठ के निधन पर सांसद लल्लू सिंह, पूर्व मंत्री अनिल तिवारी, प्रथम महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, ट्रस्ट सदस्य डा अनिल मिश्र, शक्ति सिंह,परमानंद मिश्रा, जिला अध्यक्ष संजीव सिंह, महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्र, पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, कमला शंकर पांडेय, अशोका द्विवेदी, कृष्ण कुमार पांडेय खुन्नू, सुनील तिवारी शास्त्री समेत अन्य ने शोक जताया है।

ये भी पढ़ें -अहंकार से दूर रहकर जन सेवक के रूप में कार्य करें जनप्रतिनिधि और कार्यकर्ता : राजनाथ सिंह

संबंधित समाचार