Etawah: मरीजों को पीटने वाले डॉक्टर निलंबित, मुकदमा दर्ज, शासन के निर्देशन पर डीएम ने जांच कमेटी का किया गठन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में मरीजों को पीटने वाले डॉक्टर निलंबित।

इटावा में मरीजों को पीटने वाले डॉक्टर को निलंबित कर दिया गया। उसके खिलाफ मुकदमा भी दर्ज किया गया। शासन के निर्देशन पर डीएम ने पांच सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया।

इटावा, अमृत विचार। सैफई उप्र आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय के इमरजेंसी ट्रामा सेंटर की तीसरी मंजिल पर पुरुष हड्डी वार्ड में भर्ती मरीजों को पीटने वाले डाक्टरों के खिलाफ सैफई थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। साथ ही शासन के निर्देशन पर डीएम नें पांच सदस्यों की जांच कमेटी का भी गठन किया गया है। जो एक सप्ताह में रिपोर्ट सौंपेगी।

मालूम हो शुक्रवार को पुरुष हड्डी वार्ड में दो डाक्टरों का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें वे मरीज के साथ मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं। वार्ड में भर्ती मरीज सौरभ पुत्र अवधेश कुमार निवासी नगला दिलीप थाना करहल जिला मैनपुरी नें दर्ज कराए मुकदमे में दर्शाया वह पुरुष हड्डी वार्ड में बेड नंबर 18 पर भर्ती था। एक डाक्टर अमन श्रीवास्तव नाम से बुलाये जाते थे हैं जिन्होंने 11 जुलाई को हमारे साथ मारपीट की।

वही एक दिन पहले 10 जुलाई को बैड नंबर 11 पर भर्ती गुड्डू खां पुत्र बिन्दु खां निवासी रसूलपुर टंकी थाना रसूलपुर जिला फिरोजाबाद जो एक्सीडेंट से घायल था, जिसकी वजह से यहां पर आपरेशन कराने के लिए इमरजेंसी ट्रामा सेंटर में भर्ती था। तभी 10 जुलाई को सुबह लगभग छह बजे एक डाक्टर जिन्हें यहां पर दास नाम से पुकारते हैं, उन्होंने बेवजह उनके साथ मारपीट शुरू कर दी और शिकायत करने पर यहां से भगा देने की धमकी दी। उनके अलावा अन्य मरीजों के साथ भी मारपीट की थी। इस कारण वार्ड में भर्ती अन्य मरीज सहम गए थे।

कई मरीजों ने यहां से छुट्टी कराकर जाना मुनासिब समझा। डॉक्टरों द्वारा मारपीट करने के वीडियो वायरल मामले को शासन स्तर से संज्ञान लेने पर डीएम अवनीश कुमार राय ने रविवार को 5 सदस्यों की जांच कमेटी गठित की और एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी।

रविवार की देर रात करीब 9 बजे अपर जिलाधिकारी अभिनव रंजन श्रीवास्तव, एएसपी ग्रामीण सत्यपाल सिंह,सीओ नागेंद्र चौबे, प्रभारी तहसीलदार एसडीएम अभिषेक गोस्वामी, तहसीलदार सदर राजकुमार, नायब तहसीलदार तारा शुक्ला, प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद कामिल, उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान विश्वविद्यालय पहुंचे। वहां भर्ती मरीज सौरभ कुमार से बयान दर्ज किए।

जांच कमेटी के नेतृत्व कर रहे एडीएम अभिनव रंजन श्रीवास्तव नें वार्ड में भर्ती अन्य मरीजों से भी वार्ता की और इलाज से संबंधित जानकारी ली। किसी को कोई परेशानी तो नहीं है जिस पर भर्ती मरीजों ने बताया अब उन्हें प्रॉपर तरीके से इलाज मिल रहा है किसी को कोई दिक्कत नहीं है। मारपीट करने वाले डॉक्टर उस दिन से वार्ड में नहीं आ रहे हैं।

इससे पहले कुलपति प्रो. (डा.) प्रभात कुमार सिंह ने वायरल वीडियो का संज्ञान लेकर तत्काल जांच कमेटी गठित की गई थी। कमेटी द्वारा शनिवार को रिपोर्ट तैयार कर ली थी। और सोमवार को जांच रिपोर्ट कुलपति को सौंपी गई है। जिसमें मारपीट करने वाले डॉक्टरों को दोषी ठहराया है। जिस पर कुलपति ने तत्काल प्रभाव से डॉक्टरों को निलंबित कर दिया।

संबंधित समाचार