Jalaun News : महिला का खून से लथपथ मिला शव, इलाके में फैली सनसनी, शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका
जालौन में महिला का खून से लथपथ शव मिला।
जालौन में महिला का खून से लथपथ शव मिला। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। घटनास्थल पर एसपी कई थानों की फोर्स के साथ पहुंचे।
जालौन, अमृत विचार। नगर के गांधीनगर इलाके में बख्शेश्वर मंदिर से काली माता मंदिर की ओर जाने वाली पगडंडी के किनारे एक अज्ञात महिला का खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का जायजा लिया और आला अधिकारियों को खबर दी।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे फॉरेंसिक टीम, सर्विलांस और एसओजी टीम मौके पर पहुंच गई। बताय गया है कि महिला के गले पर धारदार हथियार के निशान हैं जिससे उसकी हत्या की आशंका जताई जा रही है। महिला की उम्र तीस से पैंतीस साल के बीच है। पुलिस शव की शिनाख्त कराने में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक सोमवार को दोपहर बाद कोतवाली पुलिस को सूचना मिली कि गांधीनगर इलाके में बख्शेश्वर मंदिर से काली जी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर मंदिर से करीब डेढ़ सौ मीटर आगे पगडंडी के किनारे एक महिला का खून से लथपथ शव पड़ा है। कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक पुलिस बल लेकर मौके पर पहुंचें।
घटनास्थल का जायजा लिया और आला अधिकारियों को घटना से अवगत कराया। शव को कब्जे में लेकर उसकी शिनाख्त में जुट गए। महिला के गले को धारदार हथियार से बुरी तरह काटा गया था। मौके पर पड़ा खून बता रहा था कि घटना को दोपहर डेढ़ से दो बजे के बीच में ही अंजाम दिया गया होगा। सीओ रामसिंह तत्काल मौके पर पहुंचे।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का जायजा लिया। उन्होंने फॉरेसिंक टीम को मौके पर बुलवा कर साक्ष्य संकलन कराए। सर्विलांश और एसओजी टीम को मौके पर बुलाया गया। घटना स्थल के आसपास झाड़ियों को देखा। पुलिस दल बारीकी से जांच पड़ताल में जुटी है। महिला के शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने कहा कि हो सकता है महिला किसी जानकार व्यक्ति के साथ यहां आई हो और उसी ने घटना को अंजाम दिया हो। घटनास्थल पर ही घटना को अंजाम देना प्रतीत हो रहा है। क्योंकि घटना स्थल पर किसी वाहन के आने की कोई गुंजाइस नहीं है। उन्होंने कहा, सबसे पहले शव की शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके बाद ही आगे बढ़ा जा सकता है।
