बरेली: 42.72 लाख पौधों से किया जाएगा धरा का शृंगार, वन विभाग की तैयारियां तेज
बरेली, अमृत विचार। धरा को हरा-भरा करने के लिए प्रदेश में पौधरोपण जनआंदोलन शुरू होने जा रहा है। जिले में 22 जुलाई से 15 अगस्त के बीच 42.72 लाख पौधे रोपे जाएंगे। इसको लेकर वन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 26 विभागों को पौधरोपण का लक्ष्य निर्धारित किया जा चुका है।
वन विभाग की 28 अलग-अलग नर्सरियों में करीब 65 लाख पौध तैयार हो चुकी है। इस बार वन विभाग की ओर से मुख्य आयोजन आईवीआरआई में 22 जुलाई को किया जाएगा। यहां तीन अलग-अलग साइट पर कुल 10 हेक्टेयर में 16 हजार पौधे रोपे जाएंगे, जिसमें फलदार और औषधीय पौधे भी शामिल हैं। वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि विभागों को उनकी मांग के मुताबिक अलग-अलग प्रजातियों के पौधे उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पौधारोपण के लिए गड्ढे खोदने का कार्य किया जा चुका है।
एफएसआई देहरादून कर सकता है सर्वे
बीते साल पौधों की स्थिति जानने के लिए सर्वे किया गया था। इस दौरान वन विभाग के 90 और अन्य विभागों द्वारा लगाए गए 70 फीसदी पौधे जीवित मिले थे। बीते दिनों वन मंत्री ने फॉरेस्ट सर्वे ऑफ इंडिया देहरादून द्वारा पौधरोपण का सर्वे कराने की बात कही गई थी, लेकिन वन विभाग के अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल सर्वे को लेकर कोई जानकारी नहीं है।
पौधारोपण के लिए 1.60 करोड़ का बजट
वन विभाग को पौधरोपण के लिए इस साल शासन से करीब 1.60 करोड़ रुपये का बजट प्राप्त हुआ है। बीते वित्तीय वर्ष में भी करीब इतना ही बजट मिला था। अधिकारियों का कहना है कि इसी में पौधरोपण जनआंदोलन का बजट भी शामिल है।
विभागों को जारी पौधारोपण का लक्ष्य
विभाग का नाम लक्ष्य
वन विभाग 636900
पर्यावरण विभाग 82000
ग्राम्य विकास विभाग 2150000
राजस्व विभाग 181000
पंचायती राज विभाग 219000
आवास विकास विभाग 6000
औद्योगिक विकास 9000
नगर विकास 92000
लोक निर्माण विभाग 14000
जल शक्ति विभाग 15000
रेशम विभाग 25000
कृषि विभाग 430000
पशुपालन विभाग 8000
सहकारिता विभाग 9520
उद्योग विभाग 11000
ऊर्जा विभाग 6580
माध्यमिक शिक्षा 13000
बेसिक शिक्षा 21000
प्राविधिक शिक्षा 6000
उच्च शिक्षा 24000
श्रम विभाग 3600
स्वास्थ्य विभाग 12000
परिवहन विभाग 3400
रेलवे विभाग 15000
रक्षा विभाग 6000
उद्यान विभाग 266000
पुलिस विभाग 7980
विभागों को जारी लक्ष्य के मुताबिक पौधों की आपूर्ति की जा रही है। नर्सरियों में पौध तैयार है। कार्यक्रम की शुरूआत आईवीआरआई में 10 हेक्टेयर पर 16 हजार पौधे लगाकर की जाएगी।-समीर कुमार, प्रभागीय वनाधिकारी
ये भी पढे़ं- बरेली: बिना टिकट यात्रा कराने वाले कंडक्टर की सेवा समाप्त
