Jalaun News : जिस प्रेमी के साथ मिलकर की थी पति की हत्या उसी ने उतारा मौत के घाट, जानें- पूरा मामला
जालौन में पुलिस ने हत्या का खुलासा किया।
जालौन में जिस प्रेमी के साथ मिलकर प्रेमिका ने पति की हत्या की थी। उसी प्रेमी ने प्रेमिका को मौत के घाट उतार दिया। पुलिस ने वारदात का खुलासा कर प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया।
जालौन, अमृत विचार। बख्शेश्वर मंदिर से काली माता मंदिर जाने वाले रास्ते पर सोमवार की दोपहर को एक महिला का लहूलुहान शव मिला था। पुलिस ने सोमवार को देर रात महिला की शिनाख्त कराई और 24 घंटे के अंदर ही घटना से पर्दा हटा दिया। पिता की तहरीर पर मृतका के प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करके उसे गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी ने मामले का खुलासा किया। मृतका ने इसी प्रेमी के साथ मिलकर अपने पति की हत्या की थी जिसमें दोनों को जेल जाना पड़ा था। जमानत पर बाहर थे।
सीओ रामसिंह यादव ने मंगलवार को महिला की हत्या का खुलासा करते हुए बताया कि सोमवार को गांधीनगर इलाके में एक अज्ञात महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली थी, जिसके गले पर गहरा घाव था और उसकी उम्र तीस वर्ष के आसपास थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने का प्रयास किया तो उसकी पहचान रोशनी पत्नी स्व. मूलचरन उर्फ मुनू कुशवाहा निवासी जवाहर नगर माधौगढ़ पुत्री पहलवान सिंह कुशवाहा निवासी पीपरी कलां थाना कैलिया के रूप में की गई।
एसपी के निर्देश पर कोतवाली पुलिस के अलावा सर्विलांस टीम को घटना का खुलासा करने के लिए लगाया गया था। कोतवाली पुलिस और सर्विलांस टीम द्वारा सोमवार को की गई महिला की हत्या मामले में आरोपी सोनू पुत्र नाथूराम कुशवाहा को एट तिराहे से गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर आला कत्ल और हत्या में प्रयुक्त बाइक भी बरामद कर ली। सोनू ने पूछताछ में बताया कि रोशनी आए दिन उसे ब्लैकमेल करती और पैसे की मांग करती थी, अभी कुछ दिन पूर्व उससे पैसे लेकर जयपुर गई थी। सोनू को आशंका थी कि रोशनी किसी और से भी बात करती है।
इस पर उसे रोशनी पर काफी गुस्सा आ रहा था। 17 जुलाई को रोशनी अपने पिता के साथ अपने बेटे का आधार बनवाने कोंच आई थी। वह भी कोंच पहुंच गया और रोशनी को बाइक पर बिठाकर मोहल्ला गांधीनगर के उस सुनसान इलाके में ले गया और गला रेत कर उसकी हत्या कर दी और शव झाड़ियों में फेंक कर भाग गया था।
रोशनी के एक लड़का आठ साल का प्रिंस व एक लड़की पांच वर्षीय आरवी हैं। रोशनी जयपुर में अपने भाई दयालसिंह के साथ एक कंपनी में काम करती थी। मुकदमे की तारीख के लिए बच्चे के साथ अपने पिता के पास आई थी। खुलासे के वक्त कोतवाल नागेंद्र कुमार पाठक एसएसआई उदय प्रताप सिंह, दरोगा संजय सिंह पाल आदि मौजूद रहे।
12 वर्ष पूर्व हुई थी रोशनी की शादी
मृतका रोशनी की शादी बारह साल पहले हुई थी। शादी के बाद रोशना का परिवार के ही रिश्ते में देवर लगने वाले सोनी से प्रेम प्रसंग शुरू हो गया। बात इतनी बढ़ी की दोनों ने मिलकर पति को रास्ते से हटाने का प्लान तैयार कर लिया और उसे 3 जून 2021 को मौत के घाट उतार दिया। हत्या के खुलासे में रोशनी, सोनू व सोनू का दोस्त पवन सिंह जेल गए थे। तीनों एक साल बाद जेल से जमानत पर बाहर आए थे।
