Unnao News : 160 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर बिका 80 रुपये में, खरीददारों की लग गई भीड़, फिर हुआ ये सब

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में 80 रुपये किलो टमाटर बिका।

उन्नाव में एनसीसीएफ ने शहर में 80 रुपए किलो टमाटर की बिक्री करवाई। शहर के बाजार में बीती शाम 160 रुपए किलो बिका था टमाटर।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में भारतीय राष्ट्रीय उपभोक्ता सहकारी संघ मर्यादित (एनसीसीएफ) ने कानपुर से एक लोडर टमाटर भेजकर शहरियों को 80 रुपए प्रति किलो बिकवाया। इसकी जानकारी होते ही काउंटर पर लूट मच गई। कर्मचारियों ने शहर के अलग-अलग स्थानों पर वाहन खड़ा कर ग्राहकों को अधिकतम दो किलो टमाटर दिये। पूरे समय टमाटर खरीदने वालों की लोडर पर भीड़ लगी रही।

बता दें कि बीती शाम शहर की सब्जी मंडी में फुटकर विक्रेता 160 रुपए प्रति किलो टमाटर बेच रहे थे। बुधवार करीब 11 बजे बैनर लगे लोडर से तीन कर्मचारी शहर पहुंचे। उन्होंने पहले मुख्य मार्ग पर टमाटर की बिक्री की। इसके बाद विभिन्न कार्यालयों के आसपास व कचहरी में वाहन खड़ा कर लोगों को तय रेट पर टमाटर बेचे। सस्ता टमाटर मिलने की सूचना पर लोडर के आसपास खरीददारों की भीड़ बनी रही।

खास बात यह थी कर्मचारी दो किलो तक मांग करने वालों को आसानी से टमाटर दे रहे थे। लेकिन, इससे अधिक की मांग करने वालों को कर्मियों ने वापस कर दिया। इस सचल काउंटर पर तैनात लोगों ने बताया कि लखनऊ के महानगर एक्सटेंशन स्थित कार्यालय के निर्देश पर वह कानपुर स्थित कार्यालय द्वारा दिये गए टमाटर लेकर आए थे। दोपहर बाद करीब चार बजे तक वे पूरा टमाटर बेंच कर लौट गए।

संबंधित समाचार