लखनऊ में पत्नी को फोन पर शौहर ने दिया तीन तलाक, मुकदमा दर्ज
लखनऊ, अमृत विचार। तीन तलाक पर कानून बनने के बावजूद भी इससे जुड़े मामले कम होने का नाम नहीं ले रहे हैं। तीन तलाक कहकर निकाह का रिश्ता तोड़ने का सिलसिला बदस्तूर जारी है। हुसैनगंज थानाक्षेत्र अन्तर्गत दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर पत्नी को फोन कर शौहर ने तीन तलाक दे दिया। दूसरी तरफ आशियाना क्षेत्र में एक शख्स ने तीन तलाक की धमकी देकर पत्नी को घर से भगा दिया। पीड़िताओं की लिखित शिकायत पर हुसैनगंज और आशियाना पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
हुसैनगंज थानाक्षेत्र अन्तर्गत जयनारायण रोड निवासी अलीना बानो का निकाह वर्ष 2022 में मोहम्मद मुजीब के साथ हुआ था। अलीना ने बताया कि ससुराल के सदस्य कम दहेज लाने का ताने देकर उसे प्रताड़ित करते थे। पीड़िता का आरोप है कि विरोध किए जाने पर सास मुन्नी खातून बेटियों हिब्जा और हिना के साथ उससे मारपीट भी करती थी। शौहर मुजीब गाड़ी न मिलने पर उसे घर से निकालने की धमकी देता और व्यवसाय के लिए तीन लाख रुपये मायके से मांगकर लाने का भी दबाव बनाने लगा। अलीना ने बताया कि बीते नौ सितम्बर को शौहर मुजीब ने उसकी पिटाई कर मायके छोड़ दिया था। उसके बाद भी शौहर फोन पर मायके से रुपये मांग कर लाने की बात करता था। इस पर पीड़िता ने मना कर दिया। तब मुजीब ने फोन पर उसे तीन तलाक दे दिया।
इसके बाद पीड़िता के परिजनों ने समझौते का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनीं। प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ मुस्लिम महिला (विवाह पर अधिकारों का संरक्षण) अधिनियम 2019 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। वहीं आशियाना थाने में सेक्टर-आई, एलडीए कॉलोनी निवासी रानी हयात ने डीपी एक्ट के तहत शौहर आजाद अहमद समेत पांच पारिवारिक सदस्यों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। वर्ष 2007 में उसका निकाह आजाद अहमद से हुआ था। आरोप है कि दहेज की अतिरिक्त मांग पूरी न होने पर शौहर ने अपने पारिवारिक सदस्यों की सहमति से उसे तीन तलाक की धमकी देकर घर से निकाल दिया। कार्यवाहक प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र वर्मा ने बताया कि मामले की गहनता से जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -Seema Haider पर SDG प्रशांत कुमार का बड़ा बयान कहा- UP आना सुरक्षा में कोई चूक नहीं
