शाहजहांपुर: नगर निगम ने दो हजार वर्ग मीटर जमीन से हटाया अवैध कब्जा
मेयर और नगर आयुक्त के निर्देशन में की गई कार्रवाई
शाहजहांपुर, अमृत विचार। नगर निगम ने चिनौर की दो हजार वर्ग मीटर जमीन से अवैध कब्जा हटाकर कब्जा ले लिया। मेयर ने अवैध कब्जा करने वालों से स्वयं अपना कब्जा हटाने की अपील की है। मेयर अर्चना वर्मा ने कहा है कि नगर निगम की जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। यदि कब्जेदार खुद नहीं हटेंगे तो उन्हें हटवाने के साथ उन पर विधिक कार्रवाई भी की जाएगी।
नगर क्षेत्र को सुव्यवस्थित और सुंदर बनाने के लिए मेयर अर्चना वर्मा और नगर आयुक्त संतोष कुमार शर्मा के निर्देशन में अवैध कब्जा हटाने की कार्रवाई चल रही है। इसी क्रम में बुधवार को राजस्व, प्रवर्तन दल और निर्माण विभाग के अधिकारियों की ओर से चिनौर में स्थित नगर निगम की गाटा संख्या 182 वाली जमीन को देखा गया।
पता चला कि लगभग 6000 वर्ग मीटर भूमि में से लगभग 2000 वर्ग मीटर पर क्षेत्रवासियों ने अवैध कब्जा कर रखा है। संयुक्त टीम ने जेसीबी से जमीन को कब्जा मुक्त करा दिया। लोगों को निर्देशित किया गया कि अवैध कब्जे को स्वयं ही हटा लें वरना निगम की ओर से कार्रवाई की जाएगी। मेयर अर्चना वर्मा ने महाननगर में यातायात सुगम करने के लिए सभी अतिक्रमणकारियों से अवैध अतिक्रमण स्वयं हटा लेने की अपील की है।
बता दें कि नगर निगम की कई जमीनों पर लोगों ने कब्जा कर रखा है। जिसके चलते निगम के पास विकास कार्यों के लिए पर्याप्त जमीनों का संकट है। ऐसे में विकास कार्यों को लेकर समस्या हो सकती है। इसे देखते हुए अवैध कब्जे हटाए जाने की कार्रवाई की जा रही है।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत
