शाहजहांपुर: अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आकर दो लोगों की मौत
शाहजहांपुर, अमृत विचार। जिले में अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आकर अधेड़ व्यक्ति समेत दो लोगों की मौत हो गई। दोनों घटनाएं रेल लाइन पार करते समय मीरानपुर कटरा और तिलहर क्षेत्र में हुईं।
मीरानपुर कटरा थाना क्षेत्र के गांव मरैना निवासी लक्ष्मण प्रसाद का 35 वर्षीय पुत्र मुरली लाल सोमवार की सुबह आठ बजे घर से निकला था। वह शाम पांच बजे तक वापस नहीं आया तो उसकी तलाश शुरु की। रात दस बजे परिजनों को सूचना मिली कि गांव से दो किमी दूर रेल लाइन के किनारे एक युवक का शव पड़ा है। परिजनों ने मौके पर पहुंचकर शव की शिनाख्त मुरली के रुप में की। उसका शव अप लाइन की रेल लाइन के किनारे पड़ा था। सूचना पर कटरा पुलिस मौके पर पहुंची और घटना के बारे में परिजनों से जानकारी कर शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। पिता लक्ष्मण प्रसाद ने पुलिस को बताया कि बेटा मुरली लाल नशे का आदी था। वह नशे के चक्कर में दिन भर गायब रहता था।
उन्होंने बताया कि पांच साल पहले बेटा बरेली में फतेहगंज थाने में होमगार्ड था। बरेली कचहरी से फतेहगंज पूर्वी थाने पर रात में जा रहा था। रास्ते में अज्ञात लोगों ने मारा पीटा था। तब से उसका शरीर बेकार हो गया था। इस वजह से उसने नौकरी छोड़ दी थी। वहीं थाना प्रभारी ने बताया कि युवक की ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। परिवार ने रंजिश से इंकार किया है। परिवार में रोना पीटना मच गया।
यार्ड में ट्रेन से कटकर मौत
नगर के मोहल्ला पिंग कालोनी निवासी 55 वर्षीय विनय कुमार रोजाना सुबह टहलने के लिए निकला करते थे। मंगलवार सुबह साढ़े पांच घर से टहलने के लिए निकले। तिलहर रेलवे स्टेशन के यार्ड में रेलवे लाइन पार कर रहे थे। बरेली की ओर जा रही रन थ्रू ट्रेन की चपेट में आकर उनकी मौत हो गई। उनका शव अप लाइन की रेलवे लाइन के किनारे पड़ा था। लोगों ने स्टेशन मास्टर को सूचना दी। शव देखने वालों की भीड़ लग गयी।
लोगों ने देखा कि यह शव विनय कुमार का है। इधर खबर मिलने पर परिवार वाले पहुंचे। परिवार वालों ने शव की शिनाख्त विनय कुमार के रूप में की। स्टेशन मास्टर ने जीआरपी को सूचना दी। थाना प्रभारी रेहान खां मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
ये भी पढे़ं- शाहजहांपुर: महापौर ने साफ की नाली, लगाई झाडू
