शाहजहांपुर: तिलहर चीनी मिल को 16.39 लाख के भुगतान को नोटिस जारी करने के निर्देश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

डीएम ने चीनी मिल व गन्ना विभाग के अधिकारियों के साथ की बैठक

शाहजहांपुर, अमृत विचार। डीएम उमेश प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में चीनी मिल एवं गन्ना विभाग के अधिकारियों की बैठक हुई। बैठक में पेराई सत्र 2022-23 में चीनी मिलों की ओर से क्रय किये गये गन्ने के मूल्य, आगामी पेराई सत्र 2023-24 में चीनी मिल संचालन के लिए चीनी मिलों में कराये जाने वाले रिपेयर एवं मेन्टीनेन्स कार्यों के साथ 20 जुलाई से 30 अगस्त तक चलने वाले ग्राम स्तरीय सर्वे सट्टा प्रदर्शन की समीक्षा की गई।

डीएम ने चीनी मिल तिलहर पर विकास अंशदान के मद में भुगतान के लिए अवशेष धनराशि 16.39 लाख के भुगतान के लिए चीनी मिल को नोटिस जारी करने के लिए जिला गन्ना अधिकारी को निर्देश दिए।

बैठक के दौरान जिला गन्ना आधिकारी ने बताया कि जिले में कार्यरत चीनी मिल निगोही, रोजा, तिलहर एवं पुवायां द्वारा गन्ना मूल्य का शत प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। चीनी मिल मकसूदापुर ने कुल देय अंकन 222.82 करोड़ के सापेक्ष मात्र 53.77 करोड़ का ही भुगतान किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले की चीनी मिलो के द्वारा कुल देय 1238.16 करोड़ के सापेक्ष 1069.11 करोड़ का भुगतान किया जा चुका है। जो कुल का 86.35 प्रतिशत है।

जिलाधिकारी ने चीनी मिल मकसूदापुर की ओर से मात्र 53.77 करोड़ का ही भुगतान करने पर रोष जताया। उन्होंने चीनी मिल को जल्द अवशेष भुगतान करने को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने चीनी मिलों द्वारा दैनिक रूप से की जा रही चीनी की बिक्री एवं बिक्री से प्राप्त धनराशि से गन्ना मूल्य के भुगतान की दैनिक जांच कराए जाने के लिए उप जिलाधिकारी, पुवायां को निर्देश दिये।

उन्होंने चीनी मिल तिलहर पर विकास अंशदान के मद में भुगतान के लिए अवशेष धनराशि 16.39 लाख के भुगतान के लिए चीनी मिल को नोटिस जारी करने के लिए जिला गन्ना अधिकारी को निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने सभी चीनी मिलों के प्रतिनिधियों को चीनी मिलों में रिपेयर और मेन्टीनेन्स कार्य 15 अक्टूबर तक पूरा कर समय से चीनी मिल संचालित किये जाने के निर्देश दिये।

साथ ही निगोही झील का सौंदर्यीकरण करने, निर्माणाधीन सड़कों पर सांकेतिक बोर्ड लगाने, गन्ना ढुलाई के वाहनों पर रिफ्लेक्टर लगाने, सीएसआर के तहत जनहित के कार्य किये जाने के निर्देश भी जिलाधिकारी ने दिये। बैठक में जिला गन्ना अधिकारी जितेन्द्र कुमार मिश्र सहित चीनी मिलों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: नगर निगम ने दो हजार वर्ग मीटर जमीन से हटाया अवैध कब्जा

संबंधित समाचार