अबू आजमी के ‘वंदे मातरम’ का विरोध करने पर महाराष्ट्र विधानसभा में हंगामा, भाजपा ने उनकी निंदा की

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुंबई। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक अबू आजमी की 'वंदे मातरम' के बारे में एक टिप्पणी को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायकों के शोर-शराबे के बाद बुधवार को महाराष्ट्र विधानसभा की कार्यवाही कुछ समय के लिए स्थगित कर दी गई। संभाजीनगर जिले में हुए दंगे का मुद्दा उठाते हुए आजमी ने कहा कि 'वंदे मातरम' का नारा लगाना उन्हें स्वीकार्य नहीं है। 

उन्होंने कहा, "कुछ लोग कहते हैं कि अगर भारत में रहना है तो वंदे मातरम बोलना ही होगा। हम ऐसा नहीं कर सकते। हम केवल एक ईश्वर में विश्वास करते हैं।'' आजमी के बयान पर भाजपा विधायकों ने कड़ी आपत्ति जताई और इसके बाद सदन में हंगामा शुरू हो गया। विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने विधायकों से शांत रहने की अपील की और कहा, ‘‘आजमी की टिप्पणियां विषय के लिए अप्रासंगिक हैं। उन्हें चर्चा के लिए सूचीबद्ध मुद्दे पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए।’’ 

नार्वेकर की अपील के बाद भी हंगामा जारी रहा और इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दस मिनट के लिए स्थगित कर दी। सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू होने पर उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता देवेन्द्र फडणवीस ने आजमी के ‘वंदे मातरम’ के विरोध पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या दुनिया का कोई भी धर्म अपनी मां के सामने झुकने का विरोध करता है। 

फडणवीस ने कहा, ‘‘वंदे मातरम कोई धार्मिक छंद नहीं है। यह किसी कर्मकांड के लिए भी नहीं है। भारत के संविधान ने इसे एक ऐसी रचना के रूप में मान्यता दी है जिसे राष्ट्रीय गीत के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है।’’ 

ये भी पढ़ें- Monsoon Session: आज से संसद का मॉनसून सत्र शुरु, सरकार लाएगी 31 बिल, इन मुद्दों पर घेरेगी 'INDIA'

संबंधित समाचार