संभल: मकान की छत गिरी, दंपति, बेटी और पुत्रवधु घायल, निजी अस्पताल में भर्ती
संभल/रजपुरा,अमृत विचार। रजपुरा थाना क्षेत्र में बुधवार को देररात पक्के मकान की छत भरभरा कर गिर गई। मलबे में दबकर दंपति, बेटी और पुत्रवधू घायल हो गए। परिजनों ने घायलों को संभल के निजी अस्पताल में भर्ती कराया।
थाना क्षेत्र के गांव खग्गूपुरा में बुधवार को रात अनीस और उसके परिजन मकान में सो रहे थे। देररात पक्के मकान की छत भरभरा कर गिर गई। लोग मलबे में दब गए और चीख पुकार मच गई। तेज आवाज होने पर आसपास के ग्रामीण दौड़कर मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने करीब 20 मिनट की मशक्कत के बाद घायलों को मलबा हटाकर बाहर निकाला।
हादसे में घायल हुए अनीश, इसकी पत्नी मजीदन, बेटी समरीन और पुत्रवधू जीनत को निजी वाहन से संभल के निजी अस्पताल लाकर भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टर ने घायलों का उपचार शुरू किया। अनीस और मजीदन की हालत गंभीर बताई गई। मकान की छत गिरने से मलबे में दबकर घरेलू सामान का नुकसान हुआ।
ये भी पढ़ें:- रामपुर: किशोर से दुष्कर्म में दोषी को दस साल की सजा, लगा 20 हजार रुपये का जुर्माना
