बरेली: निगम कर्मी चकराए... कैसे पूरा होगा वसूली का दोगुना लक्ष्य
बरेली, अमृत विचार। बजट प्रस्ताव पास होने के बाद नगर निगम के रेंट विभाग को वसूली का दोगुना लक्ष्य दिया गया है। यह कहां से वसूल होगा यह सोचकर ही कर्मचारी चकराने लगे हैं। नगर निगम का संपत्ति विभाग शहर में लगभग 1500 संपत्तियों से किराया वसूलता है। इन संपत्तियों का किराया इतना नही है जितना लक्ष्य तय किया गया है।
अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने बृहस्पतिवार को कर्मचारियों के साथ बैठक कर उन्हें लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए तो कर्मचारी भी सोच में पड़ गए। अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह ने कहा कि रेंट विभाग में लंबित केस निपटाएं। राजस्व विभाग से तीन करोड़ का लक्ष्य मिला है। हालांकि अब तक यह डेढ़ करोड़ था।
रेंट विभाग की कई फाइलें अलमारियों में बंद है। उनकी सूची भी नहीं बनी है। नगर आयुक्त ने पिछले साल दिसंबर में इन फाइलों की सूची बनाने के निर्देश दिए थे लेकिन कुछ अलमारियां खोलकर सूची बना ली गई। अब भी सात अलमारियां बंद बताई जा रही है। रेंट विभाग का काम देख रहे लिपिक के बर्खास्त होने के बाद से फाइलों को लेकर असमंजस बना हुआ है। अभिलेखों का सही रखरखाव न होने से कई संपत्तियों की फाइलें गायब हैं।
ये भी पढे़ं- बरेली: पांच साल में वन्यजीवों के रेस्क्यू पर वन विभाग ने बहाया लाखों रुपया
