बरेली कॉलेज में हुई फायरिंग में दरोगा ने किया था धाराओं में खेल
बरेली, अमृत विचार। बरेली कॉलेज में 18 जुलाई को छात्र पर हुए जानलेवा हमले में श्यामगंज चौकी पुलिस ने धाराओं में खेल करते हुए आरोपी का 151 में चालान कर दिया था, जबकि पुलिस ने मौके से तीन कारतूस बरामद किए थे। पीड़ित ने मामले की शिकायत एसएसपी से की तो पुलिस ने मुकदमे में धारा 307 और 504 बढ़ाई है।
पुराना शहर के मोहल्ला जगतपुर में रहने वाले कृष्ण कुमार ने बारादरी थाने तहरीर देकर आदित्य शर्मा, सनी गोस्वामी, तुषार शर्मा और सनी कश्यप पर मारपीट और जान से मारने की नीयत से फायरिंग करने का आरोप लगाया था।
कृष्ण कुमार के मुताबिक उन्होंने श्यामगंज चौकी इंचार्ज ललित कुमार को जो तहरीर दी थी उसके आधार पर रिपोर्ट दर्ज न करके उन्होंने दूसरी तहरीर पर हस्ताक्षर कराकर आरोपी का महज 151 में चालान कर दिया, जबकि मौके पर कारतूस भी बरामद हुए थे। पीड़ित ने बताया कि जब उसने थाने से नकल ली तो पुलिस के खेल का पता चला। उन्होंने एसएसपी कार्यालय में शिकायती पत्र दिया तो पुलिस ने धाराएं बढ़ाई हैं। कृष्ण कुमार ने आशंका जताई है कि पुलिस जांच में खेल कर सकती है।
पहले पीड़ित ने फायरिंग का जिक्र नहीं किया था और न ही कारतूस मिलने का। बाद में पूरी कहानी बताई। तब धाराएं बढ़ाई गईं हैं।- ललित कुमार, चौकी इंचार्ज श्यामगंज
ये भी पढे़ं- बरेलीः ऑटो चालक की खून से लथपथ मिली लाश, लूट कर हत्या की आशंका
