वाराणसी : काशी के 84 घाट और 12 कूपों के जल से किया देवाधिदेव का जलाभिषेक 

Amrit Vichar Network
Published By Jagat Mishra
On

वाराणसी, अमृत विचार। सावन के तीसरे सोमवार को विश्वनाथ गली व्यवसायी संघ के बैनर तले विश्वनाथ गली के व्यपारियों ने शोभायात्रा निकाल कर बाबा श्रीकाशी विश्वनाथ का जलाभिषेक किया। इस दौरान हर-हर महादेव के उद्घोष, डमरूओं के निनाद के साथ शंख घ्वनि गूंजती रही। सुबह 9 बजे इन व्यापारियों का समूह दशाश्वमेध स्थित चित्तरंजन पार्क पर एकत्रित हुआ जिसमें महिलाएं भी शामिल रहीं। इसके बाद शोभायात्रा डमरूओं की गड़गडाहट व शंखनाद के साथ सिंहद्वार, विश्वनाथ गली होते हुए काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचा और बाबा का जलाभिषेक किया गया। 

शोभायात्रा के पूर्व में महर्षि वेद विज्ञान पीठम् के 11 वैदिक बटुकों ने काशी के 84 घाटों के साथ 12 प्राचीन पौराणिक काशी के 12 प्राचीन कूप जिसमें ज्ञानकूप (ज्ञानवापी), धर्मकूप (मीरघाट), चन्द्रकूप (सिद्धेश्वर-गली), शुक्रकूप (कालिकागली), धनवन्तरि कूप (महामृत्युंजय मंदिर), पादोदक कूप (गायघाट), नलकूपेश्वर कूप (पंचगंगाघाट),  शुभोदक कूप (ओमकारेश्वर), भैरव कूप (भूत भैरव), गोदावरी कूप (पुरूषोत्तम मंदिर बडादेव), वृद्धकाल कूप (मैदागिन), कलश कूप (काश्मीरी मल की हवेली) के जल का पूजन किया। इसके बाद बड़ी संख्या में व्यापारी व परिवार की महिलाएं कलशों में 84 घाटों का जल लेकर बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक करने रवाना हुए। 

जलाभिषेक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि पूर्व राज्यमंत्री, विधायक शहर दक्षिणी डा. नीलकंठ तिवारी रहे। शोभायात्रा का नेतृत्व श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर के महंत शंकर पुरी महाराज ने किया। जलाभिषेक में मुख्य रूप से रमेश तिवारी, कमल तिवारी, डा. पवन शुक्ला, भानु मिश्रा, राजु बाजोरिया, सुनील शर्मा, ऋषी झिगंरन, सिद्धार्थ भारद्वाज, राजेश देववंशी, अभिषेक केशरी, मनोज प्रजापति आदि रहे।

ये भी पढ़ें -बहराइच : 20 लाख रुपये कीमत की 512 ग्राम चरस के साथ तस्कर गिरफ्तार

संबंधित समाचार