Kanpur Dehat News: मलासा के तीन घरों में चोरों ने बोला धावा, लाखों के नगदी, जेवरात किए पार, जांच में जुटी पुलिस
कानपुर देहात के मलासा के तीन घरों से लाखों की नगदी-जेवरात चोरी।
कानपुर देहात के मलासा गांव में रविवार की रात चोरों ने तीन घरों से लाखों के जेवरात व नगदी चोरी कर ली। सुबह जागने पर गृहस्वामियों को घटना की जानकारी हुई है।
कानपुर देहात, अमृत विचार। मलासा गांव में रविवार की रात चोरों ने तीन घरों से लाखों के जेवरात व नगदी चोरी कर ली। सुबह जागने पर गृहस्वामियों को घटना की जानकारी हुई है। जानकारी पर सीओ मौके पर पहुंचे और फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्रित किए।
भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के मलासा गांव निवासी योगेंद्र सिंह उर्फ भट्टन ने बताया कि वह रविवार की रात घर के बाहर सो रहा था। तभी दीवार के पीछे लगे सरिया को पकड़कर चोर छत पर चढ़ आए और कमरे में घुस गए। इसके बाद कमरे में रखी अलमारी व बक्सा तोड़ दिया और रखे करीब दस लाख रुपये के जेवर व छह हजार रुपये पार कर दिए।
वहीं पड़ोस के अनिल कुमार ने बताया कि वह परिवार के साथ घर के बाहर सो रहा था। सुबह जागने पर उसे जानकारी हुई कि उसके घर मे चोरी हो गई। चोरों ने अलमारी में रखे पांच हजार रुपये व करीब 60 हजार रुपये के जेवरात चोरों ने पार कर दिए। इसी प्रकार पड़ोस के ही शिवमोहन ने बताया कि वह परिवार के साथ आंगन में सो रहा था। दीवार में सेंध लगाकर चोर अंदर आ गए।
इसके बाद अलमारी में रखे 22 हजार रुपये नगद व करीब एक लाख रुपये के जेवरात चोरी कर लिए। एक साथ तीन घरों में चोरी होने से हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे भोगनीपुर क्षेत्राधिकारी रविकांत गौड़, कोतवाल प्रमोद कुमार शुक्ल, चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने मामले की जांच पड़ताल की। वहीं फील्ड यूनिट ने साक्ष्य एकत्रित किए। भोगनीपुर कोतवाल प्रमोद कुमार शुक्ल ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
