Kanpur: अवैध कब्जा हटाने गई राजस्व टीम, पूर्व प्रधान और साथियों ने बंधक बनाकर लाठी-डंडों से पीटा, तीन गिरफ्तार
कानपुर में राजस्व टीम को पूर्व प्रधान और साथियों ने बंधक बना कर पीटा।
कानपुर के सचेंडी थानाक्षेत्र के ग्राम पंचायत सुरार के रघुनाथपुर गांव में राजस्व टीम को पूर्व प्रधान और साथियों ने बंधक बना कर पीटा। पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया।
कानपुर, अमृत विचार। सचेंडी में सोमवार को अवैध कब्जा हटाने गई तहसील टीम को भाजपा नेता पूर्व प्रधान और उसके साथियों ने बंधक बना लिया। लेखपाल समेत टीम ने विरोध किया तो उनको लाठी-डंडे से पीटा गया। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर पूर्व प्रधान समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। जिसका पता चलते भाजपा नेता थाने पहुंच गए। देर रात तक उनका थाने में जमावड़ा लगा रहा। हालांकि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली।
सचेंडी की ग्राम पंचायत सुरार के रघुनाथपुर गांव में पूर्व प्रधान रामकरन यादव का चट्टा है। पूर्व प्रधान पहले सपा में था, लेकिन भाजपा के सत्ता में आने पर वह पार्टी में शामिल हो गया है। उस पर सरकारी जमीन पर चट्टा और नाली बना ली है। उसको कब्जा खाली करने का नोटिस दिया गया था, लेकिन उसने कब्जा खाली नहीं किया। लेखपाल बीरबली की रिपोर्ट पर एसडीएम ने कब्जा खाली करने के लिए टीम गठित कर दी थी।
नायब तहसील, कानूनगो और लेखपाल बीरबली कब्जा गिराने के लिए पहुंचे थे। पूर्व प्रधान को पता चला तो वह साथियों के साथ वहां पहुंच गया। उसने गाली-गलौज करते हुए कब्जा ढहाने पर देख लेने की धमकी दी। टीम ने उच्च अधिकारी का आदेश होने का हवाला दिया, लेकिन पूर्व प्रधान धक्कामुक्की करने लगा। फिर उसने टीम को बंधक बना कर लाठी-डंडे से पीट दिया।
इस बीच सूचना मिलने पर एसडीएम और एसीपी थाने की पुलिस के साथ वहां पहुंच गए। पुलिस ने पूर्व प्रधान समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया। उनको छुड़ाने के लिए भाजपा नेता पहुंच गए, लेकिन उनका दबाव नहीं चला।
‘पूर्व प्रधान समेत तीन पर सरकारी कार्य में बाधा, बंधक बनाकर मारपीट करने समेत कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। मंगलवार को आरोपितों को कोर्ट में पेश कराया जाएगा।’- निशंक शर्मा एसीपी पनकी
