Kanpur: पनकी-विषधन फोरलेन का मामला पहुंचा दिल्ली, नहर चौड़ीकरण के नाम पर सिंचाई विभाग ने जमीन देने से किया था इंकार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में पनकी-विषधन फोरलेन का मामला पहुंचा दिल्ली।

कानपुर में पनकी-विषधन फोरलेन का मामला दिल्ली पहुंचा। सिंचाई विभाग के अपात्ति लगाने के बाद संयुक्त सचिव से विधायक मिले। नहर चौड़ीकरण के नाम पर सिंचाई विभाग ने जमीन देने से इंकार किया था।

कानपुर, अमृत विचार। पनकी से विषधन तक नहर पटरी पर 1650 करोड़ की लागत से बनने वाले 62 किमी लंबे फोरलेन निर्माण में सिंचाई विभाग के अड़ंगा लगाने के बाद प्रोजेक्ट अधर में लटक गया था, जो अब दिल्ली तक पहुंच गया है। प्रोजेक्ट में तेजी लाने के लिए गोविंद नगर विधानसभा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने सड़क व परिवहन मंत्रालय के संयुक्त सचिव से मुलाकात कर सिंचाई विभाग से जमीन मुहैया कराने की बात कही। 

जीटी रोड के समानांतर पनकी-विषधन नहर पटरी पर फोरलेन सड़क बनाने की योजना उच्च स्तरीय समग्र विकास समिति ने तैयार की थी। फोरलेन निर्माण के लिए पीडब्ल्यूडी ने सिंचाई विभाग से नहर किनारे की भूमि की मांग की। जिस पर सिंचाई विभाग ने आगामी समय में नहर चौड़ीकरण के नाम पर भूमि देने से इंकार कर दिया था, जिसके बाद से प्रोजेक्ट अधर में लटका हुआ है।

प्रोजेक्ट निर्माण में तेजी लाने के लिए शुक्रवार को गोविंद नगर विधान सभा विधायक सुरेंद्र मैथानी ने सड़क व परिवहन मंत्रालय के संयुक्त सचिव अमित घोष से मुलाकात कर मामले की जानकारी दी। उन्होंने संयुक्त सचिव से फोरलेन निर्माण के लिए सिंचाई विभाग से जमीन मुहैया कराने की मांग की। विधायक मैथानी ने बताया कि संयुक्त सचिव ने मामले को संज्ञान में लेकर सिंचाई विभाग से जमीन मुहैया कराने का आश्वासन दिया है। 

औद्योगिक क्षेत्र को होगा लाभ  

 फोरलेन के निर्माण से पनकी, दादानगर, फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों को भी बड़ा लाभ होगा। उद्यमी आसानी से अपना माल आगरा, अलीगढ़, कन्नौज की ओर भेज सकेंगे। अभी जीटी रोड से पनकी, दादानगर, भौंती औद्योगिक क्षेत्र आने व जाने के लिए वाहन सवार जीटी रोड का इस्तेमाल करते हैं। जीटी रोड में चौबेपुर, शिवराजपुर, बिल्हौर में भीषण लगता है। इससे वाहन सवार घंटों फंसे रहते हैं। पनकी से विषधन तक फोरलेन सड़क बनने से इस समस्या से निजात मिल जाएगी।

लिंक रोड प्रोजेक्ट पर एक नजर

लंबाई : 62 किमी
चौड़ाई : फोरलेन
अनुमानित लागत: 1650 करोड़

संबंधित समाचार