अपनी जान देकर मैगी ने कोबरा से बचाई मालिक के परिवार की जान, घर वालों के थम नहीं रहे आंसू  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

प्रतापगढ़, अमृत विचार। जानवर में कुत्ते की वफादारी की मिसाल दी जाती है। इसी वफादारी की मिसाल कायम करते हुए पालतू मैगी (फीमेल डॉग) ने जान पर खेल कर अपने मालिक की जान बचाई है। फीमेल डॉग ने कोबरा सांप से परिवार की जान तो बचाई मगर खुद की जान नहीं बचा सकी।
 
नगर कोतवाली के पूरे अंती निवासी अनूप पांडेय पूर्व विधायक मुन्ना यादव के मीडिया प्रभारी हैं। इन दिनों वह घर पर ही स्टूडियो संचालन कर रहे हैं। दो वर्ष पूर्व वह अपने घर मैगी (फीमेल डॉग) को पालने के लिए ले आए। जब वह आई तो उसकी उम्र महज 20 दिन थी। दो वर्षों में वह घर के सदस्यों से इतना घुल मिल गई कि वह हर पल अनूप के परिवार के इर्द - गिर्द ही रहती थी। सोमवार की रात तखत पर अनूप के दो बेटे देवांश पांडेय, दिव्यांश पांडेय व बगल में मां सुरजा देवी सो रहीं थीं। 

रात करीब एक बजे अचानक मैगी भौंकने लगी। तो लोगों की नींद खुल गई।,देखा तो तखत के पाए से सटा काला कोबरा फन फैलाए फुफकार रहा था। अनूप की मां सुरजा देवी दोनों पोतों देवांश पांडेय, दिव्यांश पांडेय को लेकर किसी तरह कमरे से बाहर निकली। बगल कमरे में लेटे अनूप उठकर कमरे में देखा तो काला कोबरा जा रहा था। यह देख उन्होंने उसे शांति से जाने दिया। कोबरा के बाहर जाने के 15 मिनट के बाद मैगी के मुंह से झाग आने लगा तो सब हतप्रभ रह गए। उसके सांस थमने की जानकारी होने पर अनूप के दोनों बेटे जोर - जोर से रोने लगे। पूरा परिवार भावुक हो गया। 

5 (69)

इसके बाद हर कोई मैगी की वफादारी की चर्चा करते हुए कहता रहा कि तखत पर चढ़ते सांप से लड़कर मैगी ने बच्चों को बचा लिया, लेकिन खुद जान दे दी। मंगलवार को उसे अंतिम विदाई देकर गांव में ही दफनाया गया।

घर मे सभी बेहाल,किसी ने नहीं किया भोजन
अनूप पांडेय ने बताया कि मैगी हमारे परिवार के एक सदस्य की तरह थी। उसने मेरे प्राण से भी प्यारे परिवार के सदस्य ( माँ और दो बेटों ) की जान बचा ली। वह न होती तो न जाने क्या हो गया होता। उसके जाने का दुःख शब्दों में बयां नहीं कर सकता हूँ। परिजनों का हाल बेहाल है,घर में चूल्हा नहीं जला,किसी ने भोजन नहीं किया। मैगी को याद कर परिवार के लोगों के आंसू थम ही नहीं रहे हैं। 

ये भी पढ़ें -अयोध्या पुलिस लाइन में दौड़े वर्दीधारी, अधिकारियों ने दिए निर्देश

संबंधित समाचार