Kanpur News: आकर मिल लो… वरना घर से उठा लिए जाओगे, सिपाही मांग रहा था पैसा, ऑडियो हो गया वायरल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में सिपाही का पैसे मांगने का ऑडियो वायरल।

कानपुर के गुजैनी थानाक्षेत्र में तैनात सिपाही का थानेदार के नाम पर पैसे मांगने का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने जांच शुरू की।

कानपुर, अमृत विचार। आकर मिल लो… वरना घर से उठा लिए जाओगे। ये कोई फिल्मी डॉयलाग नहीं बल्कि गुजैनी थाने में तैनात एक सिपाही मारपीट के मामले में दर्ज मुकदमें में आरोपी को धमका रहा है। जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि अमृत विचार डॉट कॉम इस वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। ऑडियो वायरल होने के बाद सिपाही के खिलाफ विभागीय जांच शुरू हो गई।

गुजैनी गांव निवासी शानू व उसके छोटे भाई सौरभ के खिलाफ बीते रविवार को मारपीट, जान से मारने की धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। मुकदमा लिखे जाने के बाद पुलिस सौरभ को थाने ले आई। शानू ने आरोप लगाया कि गुजैनी थाने में तैनात सिपाही ऋषि यादव ने भाई को छोड़ने के एवज में पांच हजार रूपये की मांग की। तीन हजार रूपये नगद व दो हजार दो दिन बाद देने की बात पर पुलिस ने सौरभ को छोड़ दिया।

बुधवार को सिपाही का मारपीट के आरोपी शानू से फोन पर बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ। वायरल ऑडियो को संज्ञान में लेते हुए डीसीपी साउथ रविंद्र कुमार जांच एसीपी नौबस्ता अभिषेक पांडेय को दी। एसीपी नौबस्ता ने बताया कि वायरल ऑडियो की जांच की जा रही है। दोषी पाए जाने पर सिपाही के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

संबंधित समाचार